latest-newsअजमेरब्यावरराजस्थान

देवमाली गांव को मिला सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव पुरस्कार

देवमाली गांव को मिला सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव पुरस्कार

शोभना शर्मा। राजस्थान के ब्यावर जिले के देवमाली गांव को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार ब्यावर के तत्कालीन कलक्टर उत्सव कौशल और देवमाली की सरपंच पूजा गुर्जर ने प्राप्त किया। समारोह नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया, जहां उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, नागरिक विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और राज्य मंत्री सुरेश गोपी सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

यह पुरस्कार समुदाय आधारित पर्यटन श्रेणी में दिया गया, जिसका उद्देश्य उन गांवों को प्रोत्साहित करना है जो सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण करते हैं। देवमाली की अनोखी परंपराएं और जनजीवन इसे एक आदर्श पर्यटन स्थल बनाते हैं। गांव के लोगों ने भगवान देवनारायण को समर्पित अपनी भूमि पर एक विशिष्ट जीवन शैली को अपनाया है, जिससे गांव ने पर्यटन क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।

देवमाली गांव में करीब 3000 बीघा जमीन पर लोग बिना किसी मालिकाना दस्तावेज के रहते हैं, क्योंकि यहां की जमीन भगवान देवनारायण को समर्पित मानी जाती है। यहां के लोग इस बात का संकल्प ले चुके हैं कि गांव में कोई पक्का मकान नहीं बनेगा और हर घर मिट्टी और छप्पर का ही होगा। इस गांव में मांसाहार और मद्यपान भी पूर्ण रूप से वर्जित हैं, साथ ही केरोसिन तेल और नीम की लकड़ी जलाने पर भी प्रतिबंध है।

देवमाली की परंपराएं इसे भारत के अन्य गांवों से अलग करती हैं। यहां के लोग भगवान देवनारायण के प्रति समर्पित हैं और मानते हैं कि गांव में कोई चोरी या अपराध नहीं होता। पहाड़ी की चोटी पर स्थित भगवान देवनारायण का मंदिर भी लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है।

देवमाली गांव की अनोखी संस्कृति, भगवान देवनारायण की पवित्र भूमि, और यहां के लोगों की सादगी इसे एक विशिष्ट पर्यटन स्थल बनाते हैं।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading