मनीषा शर्मा, अजमेर। राजस्थान के अजमेर में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार के खिलाफ ज़बरदस्त प्रदर्शन किया। नेशनल हेराल्ड और एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा चार्जशीट दाखिल करने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलवर गेट चौराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर पुतला दहन किया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास बताया और कहा कि यदि जल्द भाजपा ने अपने कदम पीछे नहीं खींचे और माफी नहीं मांगी, तो पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व और आरोप
अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्देशानुसार ब्लॉक स्तर से लेकर शहर तक इस प्रदर्शन को आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केंद्र की सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने की साज़िश कर रही है। ED और अन्य जांच एजेंसियों को राजनीतिक हथियार बनाकर विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं को फंसाने और बदनाम करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल हेराल्ड मामले में जिस तरह से सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करवाई गई है, वह देश की संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने देश की संपत्ति को बेचने और युवाओं को रोजगार से वंचित करने का भी पाप किया है।
धार्मिक उन्माद फैलाने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर धार्मिक उन्माद और सांप्रदायिक तनाव फैलाने का भी आरोप लगाया। विजय जैन ने कहा कि भाजपा लगातार धार्मिक भावनाओं को भड़का कर समाज में नफरत और अराजकता का माहौल पैदा कर रही है। लेकिन कांग्रेस इसका डटकर मुकाबला करेगी। उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी ने देश की समस्याओं को मुखर रूप से उठाया है और यही वजह है कि भाजपा सरकार उनकी आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है।
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा ने नेशनल हेराल्ड मामले में दाखिल की गई चार्जशीट को वापस नहीं लिया और पार्टी नेताओं से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो राजस्थान में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस आंदोलन में पूरे प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और केंद्र सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और देश की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर संघर्ष करती रहेगी।