शोभना शर्मा, अजमेर। अजमेर में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसका उद्देश्य भारतीय सेना के शौर्य को सम्मान देना और उनका मनोबल बढ़ाना था। इस रैली की शुरुआत गांधी भवन से हुई और यह विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रेलवे स्टेशन स्थित शहीद स्मारक पर समाप्त हुई। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में निकली इस रैली का माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। रैली के दौरान देशभक्ति नारों और तिरंगे झंडों के साथ लोगों ने सेना के समर्थन में अपना प्रेम और सम्मान प्रकट किया।
कांग्रेस नेत्री द्रौपदी कोहली ने इस अवसर पर कहा कि हाल ही में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जो कार्रवाई की है, वह गर्व का विषय है। खास बात यह रही कि इस ऑपरेशन का नेतृत्व दो महिला अधिकारियों ने किया, जो देश में महिला शक्ति की भूमिका को दर्शाता है। कोहली ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा इन वीर सैनिकों के सम्मान में निकाली गई है और कांग्रेस पार्टी सदैव सेना के साथ खड़ी है।
वहीं कांग्रेस नेता नौरत गुर्जर ने कहा कि मौजूदा हालात में देश को एकजुट रहना चाहिए। कांग्रेस पार्टी सेना और सरकार दोनों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भारत की सेना जिस बहादुरी के साथ पाकिस्तान को जवाब दे रही है, वह प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व की बात है। कांग्रेस पार्टी देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और रहेगी।