latest-news

अंता विधानसभा उपचुनाव: टिकट को लेकर कांग्रेस में खींचतान तेज

अंता विधानसभा उपचुनाव:  टिकट को लेकर कांग्रेस में खींचतान तेज

शोभना शर्मा। राजस्थान की सियासत में अब सभी की निगाहें बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर टिक गई हैं। सोमवार को चुनाव आयोग ने अंता उपचुनाव की आधिकारिक घोषणा कर दी। यह उपचुनाव मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार के लिए जनता की परीक्षा माना जा रहा है, वहीं कांग्रेस के लिए यह मौका है कि वह सत्ता विरोधी लहर को अपने पक्ष में कर सके।

इस सीट पर 11 नवंबर को मतदान होगा और 2 लाख 27 हजार 563 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह सीट भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा के अयोग्य घोषित होने के कारण खाली हुई थी। मीणा को तीन साल की सजा होने के बाद विधानसभा सदस्यता से अयोग्य ठहराया गया था। उन्होंने दया याचिका राज्यपाल को भेजी थी, लेकिन राहत नहीं मिली।

नामांकन प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी और उसी दिन से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। 21 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे, 23 अक्टूबर को नामों की जांच और 27 अक्टूबर तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया चलेगी।
इसके साथ ही अंता विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। निर्वाचन आयोग ने क्षेत्र में 268 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिन पर सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

अंता का राजनीतिक इतिहास: भाजपा-कांग्रेस बराबरी पर

अंता विधानसभा सीट का गठन 2008 में परिसीमन के बाद हुआ था। अब तक यहां चार विधानसभा चुनाव हुए हैं, जिनमें भाजपा और कांग्रेस ने दो-दो बार जीत दर्ज की है। 2008 और 2018 में कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया ने जीत दर्ज कर मंत्री पद संभाला था, जबकि 2013 में भाजपा के प्रभुलाल सैनी और 2023 में कंवरलाल मीणा ने भाजपा को जीत दिलाई थी।
पिछले चुनाव में कंवरलाल मीणा ने प्रमोद जैन भाया को 5,861 मतों से हराया था। उस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंता में विशाल जनसभा कर चुनावी माहौल को गरमाया था।

दोनों दलों में संभावित उम्मीदवारों पर मंथन

इस बार भी दोनों प्रमुख दल अपने उम्मीदवारों को लेकर गहन मंथन में जुटे हैं। कांग्रेस खेमे में पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया और उनकी पत्नी उर्मिला जैन के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। वहीं भाजपा में पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग, अंता प्रधान प्रखर कौशल, नगरपालिका अध्यक्ष रामेश्वर खंडेलवाल, विष्णु गौतम और पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी के नामों पर विचार चल रहा है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ बोले- फिर से जीत दोहराएंगे

राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा एक बार फिर अंता में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी और बिखराव चरम पर है। कोटा से जोधपुर तक हर नेता दूसरे से नाराज है। जनता का भरोसा भाजपा पर कायम है और इस बार भी पार्टी को विजय मिलेगी।” राठौड़ ने दावा किया कि सरकार के विकास कार्य और प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर जनता की मुहर लगेगी।

डोटासरा ने कहा- कांग्रेस बड़े अंतर से जीतेगी

वहीं राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पिछले पौने दो साल से जनता भाजपा सरकार का कुशासन झेल रही है। अब समय है भाजपा को सबक सिखाने का। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे उत्साह से मैदान में हैं और हम अंता सीट को बड़े अंतर से जीतेंगे।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अंता उपचुनाव को टालने के लिए राज्यपाल के पास रिपोर्ट भेजी थी, लेकिन राज्यपाल ने कानून की पालना करते हुए चुनाव आयोग की सिफारिश मान ली।

नरेश मीणा ने प्रियंका गांधी से टिकट की मांग की

इस बीच कांग्रेस नेता नरेश मीणा ने पार्टी नेतृत्व से अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट मांगा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि वे लंबे समय से पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। नरेश मीणा ने बताया कि उनके पिता वर्ष 2000 में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रहे। उन्होंने 2002 में राजस्थान विश्वविद्यालय में NSUI से महासचिव पद जीता था। वर्ष 2023 में उन्होंने छबड़ा विधानसभा से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और 45 हजार वोट हासिल किए।
वर्ष 2024 में उन्होंने देवली-उनियारा सीट से कांग्रेस टिकट मांगा था, लेकिन नहीं मिला। तब उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और 60 हजार वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। मीणा ने राहुल गांधी से अपील की है कि इस बार उन्हें अंता सीट से कांग्रेस टिकट दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी बार-बार प्रमोद जैन भाया को टिकट देती है, जिनके वर्ग के वोट क्षेत्र में 1% से भी कम हैं और जिनके कारण कोटा संभाग में कांग्रेस कमजोर हुई है।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading