राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को सीकर जिले के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने एक के बाद एक जनसभाएं कर चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया। सरगोठ से लेकर फतेहपुर शेखावाटी तक उन्होंने आमजन से सीधा संवाद किया और राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ विपक्ष की नीतियों पर तीखा प्रहार किया।
मुख्यमंत्री का हर जगह भव्य स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ रैली, नारों और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया। जिले के हर विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ताओं और आमजन की उपस्थिति से यह साफ हो गया कि भाजपा चुनावी तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
जनसभाओं में बोलते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस के चुनाव चिन्ह ‘पंजा’ पर कटाक्ष करते हुए कहा, “पंजा मत दिखाइए, इसने देश और प्रदेश को गंजा कर दिया है।” इस टिप्पणी से सभा स्थल पर तालियों और ठहाकों की गूंज सुनाई दी। उनके इस चुटीले अंदाज़ ने राजनीतिक हमले को भी एक अलग रंग दे दिया और यह बयान सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने हमेशा जनता के हितों के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस यमुना जल समझौते को रद्द करना चाहती थी, जिससे राजस्थान की जनता को भारी नुकसान हो सकता था। भजनलाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी है और यही कारण है कि जनता का भरोसा पार्टी के साथ है।
इस दौरे के दौरान एक और दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया, जब मुख्यमंत्री सड़क किनारे बैठकर शेखावाटी के प्रसिद्ध तरबूज का आनंद लेते नजर आए। उन्होंने न केवल खुद तरबूज खाया, बल्कि अपने साथ मौजूद नेताओं और सुरक्षाकर्मियों को भी खिलाया। यह दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इसे मुख्यमंत्री का ‘जमीन से जुड़ा अंदाज़’ करार दिया।
मुख्यमंत्री के साथ इस दौरे में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में भाजपा की नीतियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों की सराहना की।


