latest-newsजयपुरराजस्थान

सीएम का ऐलान: 90 हजार नौकरियां और 21 हजार परिवारों को पट्टे मिले

सीएम का ऐलान: 90 हजार नौकरियां और 21 हजार परिवारों को पट्टे मिले

शोभना शर्मा।  बुधवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक बड़े कार्यक्रम के दौरान 21 हजार घुमंतू परिवारों को 300 वर्ग गज तक के प्लॉट देने की घोषणा की। जयपुर के दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंध संस्थान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधा, साथ ही रोजगार और बिजली से संबंधित कई अहम घोषणाएं की।

RPSC और कर्मचारी चयन बोर्ड से परीक्षाएं जल्द करवाने के निर्देश:

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने RPSC और कर्मचारी चयन बोर्ड को निर्देशित किया है कि परीक्षाएं जल्दी-जल्दी आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि बोर्ड छुट्टियों में ही परीक्षाएं आयोजित करता है और आगामी डेढ़-दो साल तक छुट्टियों की तारीखें बुक हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि अगर ज़रूरत पड़ी तो हम और भी छुट्टियां दे सकते हैं, लेकिन युवाओं को जल्द से जल्द रोजगार मिलना चाहिए।

2027 तक राजस्थान बिजली बेचेगा:

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि 2027 तक राजस्थान बिजली बेचने का काम करेगा। उन्होंने कहा, “हमने गर्मियों में बिजली कटौती को लेकर आलोचनाओं का सामना किया। पिछले पांच सालों में पूर्व सरकार ने एक यूनिट बिजली भी उत्पन्न नहीं की। उनकी नीतियों के कारण हमें आज महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है।” मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनकी सरकार किसानों को दिन में बिजली देने का लक्ष्य पूरा करेगी।

90 हजार पदों पर भर्ती का बड़ा ऐलान:

मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की बैठक में लिए गए एक बड़े फैसले का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य में 90 हजार सरकारी पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा, “हमने एक साथ 90 हजार वैकेंसी निकालने का फैसला किया है। इन पदों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 60 हजार, वाहन चालकों के 23 हजार और सफाईकर्मियों के 23 हजार पद शामिल हैं। इन भर्तियों में कोई इंटरव्यू नहीं होगा, केवल परीक्षा के आधार पर निष्पक्ष चयन किया जाएगा।” मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार द्वारा घोषित एक लाख नौकरियों की योजना पूरी की जाएगी, और एक भी वैकेंसी कम नहीं होगी।

कांग्रेस पर तीखा हमला:

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “यह लोग कहते हैं कि मैं एक ही बात दोहराता हूं। लेकिन मैं फिर कह रहा हूं कि 2027 तक किसानों को दिन में बिजली दूंगा। जो हमें ट्वीट कर सलाह दे रहे हैं, पहले अपने काम देख लें।”

मुख्यमंत्री का यह बयान हाल ही में अशोक गहलोत द्वारा किए गए ट्वीट से जुड़ा है, जिसमें गहलोत ने गांधी वाटिका को आमजन के लिए जल्द से जल्द खोलने की मांग की थी। मुख्यमंत्री शर्मा ने गांधी जयंती पर गांधी वाटिका का संचालन शुरू कर दिया और इस मुद्दे पर अपनी आलोचनाओं का जवाब भी दिया।

21 हजार घुमंतू परिवारों को दिए गए पट्टे:

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के 21 हजार से अधिक बेघर और घुमंतू परिवारों को पट्टे दिए। इन परिवारों को 300 वर्ग गज तक के प्लॉट प्रदान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने पाली जिले के लाभार्थी हुक्माराम से बातचीत करते हुए पूछा कि क्या उन्हें पट्टा मिल गया? हुक्माराम ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें पट्टा मिल चुका है और उन्होंने अन्य सुविधाएं मिलने की भी उम्मीद जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने मजाकिया लहजे में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपको हर तरह की सुविधाएं देंगे, जिस पर कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग हंस पड़े।

पहली बार 21 हजार परिवारों को मिला लाभ:

इस अभियान के तहत कुल 20,721 परिवारों को प्रथम चरण में पट्टे दिए गए हैं। प्रत्येक जिले में पट्टा वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां प्रभारी मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना राज्य के हर गरीब और बेघर परिवार को स्थायी निवास प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading