latest-news

जयपुर में नारायण सिंह सर्किल पर नहीं रुकेंगी बसें, नया बस स्टैंड होगा तैयार

जयपुर में नारायण सिंह सर्किल पर नहीं रुकेंगी बसें, नया बस स्टैंड होगा तैयार

शोभना शर्मा। 1 अप्रैल से राजधानी जयपुर के नारायण सिंह सर्किल पर बसों का ठहराव पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। दिल्ली और आगरा जाने वाले यात्रियों के लिए अब ट्रांसपोर्ट नगर स्थित झालाना बस डिपो को नया बस स्टैंड बनाया गया है। वहीं, प्राइवेट बसों का संचालन बजरी मंडी स्थित जेडीए पार्क से किया जाएगा।

सरकारी बसें झालाना बस डिपो से चलेंगी

सिंधी कैंप बस स्टैंड के चीफ मैनेजर राकेश राय ने बताया कि सरकार के आदेश के तहत 1 अप्रैल से सभी सरकारी बसें नारायण सिंह सर्कल की बजाय ट्रांसपोर्ट नगर स्थित झालाना बस डिपो से रवाना होंगी। इसके लिए राजस्थान रोडवेज ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। हालांकि, झालाना बस डिपो में केवल सरकारी बसों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

बजरी मंडी से चलेंगी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की बसें

दिल्ली और आगरा जाने वाली प्राइवेट बसों के लिए बजरी मंडी स्थित जेडीए पार्क को बस स्टैंड के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जाने वाली 7 सुपर डीलक्स बसों का संचालन भी होगा। जेडीए इस स्थान पर यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

नारायण सिंह सर्कल बना नो पार्किंग जोन

आरटीओ प्रथम अधिकारी राजेंद्र सिंह शेखावत ने जानकारी दी कि 1 अप्रैल से नारायण सिंह सर्कल को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया गया है। यहां अब किसी भी बस का ठहराव प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई बस सवारी चढ़ाती या उतारती है तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। आरटीओ ने पहले ही सभी परमिट धारकों को नोटिस जारी कर दिया है, और अब बसों के परमिट में नारायण सिंह सर्कल की जगह बजरी मंडी का उल्लेख किया जाएगा।

रोडवेज फैडरेशन ने जताई आपत्ति

राजस्थान रोडवेज फैडरेशन ने इस फैसले का विरोध किया है। फैडरेशन का मानना है कि ट्रांसपोर्ट नगर में बसों का संचालन होने से रोडवेज की आय पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और यात्रियों को भी असुविधा होगी। फैडरेशन ने मांग की है कि ट्रांसपोर्ट नगर के बजाय स्मृति वन में नया बस स्टैंड बनाया जाए।

स्मृति वन में नया बस स्टैंड बनाने की मांग

फैडरेशन के महामंत्री सत्यनारायण शर्मा ने इस संबंध में मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। उन्होंने 2018 में लिए गए एक फैसले को लागू करने की अपील की है, जिसमें रोडवेज को स्मृति वन में 6,372 वर्ग मीटर जमीन देने की घोषणा की गई थी।

यात्रियों की असुविधा और समाधान की मांग

फैडरेशन का कहना है कि फिलहाल दिल्ली और आगरा रूट की बसें नारायण सिंह सर्कल से संचालित होती हैं, लेकिन अवैध निजी वाहनों के कारण यहां ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। सरकार रोडवेज बसों को ट्रांसपोर्ट नगर स्थानांतरित कर इस समस्या को हल करने की कोशिश कर रही है, लेकिन इससे यात्रियों को अधिक परेशानी होगी।

फैडरेशन ने सरकार से अनुरोध किया है कि स्मृति वन में बस स्टैंड विकसित किया जाए ताकि यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन सेवा मिल सके और रोडवेज की आमदनी प्रभावित न हो।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading