latest-newsदेशबूंदीराजस्थान

बूंदी महोत्सव 2024: हाड़ौती की संस्कृति और परंपराओं का अनोखा संगम

बूंदी महोत्सव 2024: हाड़ौती की संस्कृति और परंपराओं का अनोखा संगम

शोभना शर्मा। राजस्थान के बूंदी में हर वर्ष की तरह इस बार भी “बूंदी महोत्सव 2024” का आयोजन पारंपरिक धूमधाम और उत्साह के साथ हुआ। हाड़ौती की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के लिए आयोजित इस महोत्सव में देश-विदेश के पर्यटक शामिल हुए। इस महोत्सव में रंगीन शोभायात्रा, मनमोहक लोक नृत्य, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन और रोमांचक प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण रहे।

गढ़ गणेश पूजा और शोभायात्रा का भव्य आयोजन

महोत्सव की शुरुआत गढ़ गणेश की पूजा से हुई। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा और बूंदी राजपरिवार के वंश वर्धन सिंह ने ध्वजारोहण कर इस तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ किया। मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच गढ़ गणेश की पूजा का पंडित विश्वनाथ शर्मा ने आयोजन किया। इसके बाद शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें लोक कलाकारों और स्कूली बच्चों ने भाग लिया।

शोभायात्रा गढ़ पैलेस से शुरू होकर बूंदी की पुरानी गलियों और मुख्य बाजार से होती हुई पुलिस परेड ग्राउंड पर समाप्त हुई। इस दौरान व्यापारिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

विदेशी सैलानियों ने बांधा साफा

महोत्सव के दौरान पुलिस परेड ग्राउंड पर विदेशी और देशी सैलानियों के बीच साफा बांधने की प्रतियोगिता हुई। आयरलैंड की क्रोमेक ने इस प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।

मूंछों पर ताव देते प्रतियोगी

स्थानीय प्रतिभागियों के लिए मूंछ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें बीकानेर के कंवरलाल चौहान ने पहला स्थान प्राप्त किया।

महिलाओं की पणिहारी दौड़

महिलाओं ने पणिहारी दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। सिर पर मटकी रखकर दौड़ लगाते हुए पायल टेलर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विदेशी पर्यटक रोमानी दूसरे और एनी तीसरे स्थान पर रहीं।

लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

महोत्सव में लोक कलाकारों ने कच्छी घोड़ी नृत्य, गेर नृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शामिल हुआ।

घुड़-दौड़ और ऊंट-दौड़ का रोमांच

पुलिस परेड ग्राउंड पर घुड़-दौड़ और ऊंट-दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। घुड़-दौड़ में गोविंद प्रथम रहे, जबकि ऊंट-दौड़ में दयाचंद ने पहला स्थान प्राप्त किया।

रस्साकशी में विदेशी सैलानियों का जलवा

विदेशी सैलानियों और स्थानीय नागरिकों के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता हुई, जिसमें विदेशी टीम ने जीत दर्ज की।

पेंटिंग प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रदर्शनी

गढ़ पैलेस में कैनवास पेंटिंग का उद्घाटन जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने किया। प्रदर्शनी में लोक कलाकारों की अनूठी कला और बूंदी की विरासत को दर्शाया गया।

महोत्सव में बड़ी संख्या में पर्यटकों की भागीदारी

देशी-विदेशी पर्यटकों ने बूंदी महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लिया। राजस्थान की संस्कृति और परंपराओं को करीब से देखने का यह एक अद्भुत अवसर था।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading