मनीषा शर्मा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के भीलवाड़ा प्रवास के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। राठौड़ का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया और उन्होंने मांडलगढ़ में आयोजित सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का हर छोटा से छोटा कार्यकर्ता भी कांग्रेस के बड़े से बड़े कार्यकर्ता से श्रेष्ठ है, क्योंकि वह संस्कारित होता है और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानता है।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी पूंजी उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण है। “हमारे कार्यकर्ता कभी भी राष्ट्रविरोधी कार्य नहीं कर सकते। हमें अपने छोटे-छोटे स्वार्थों को छोड़कर राष्ट्र के हित में काम करना है। मोदी जी आज देश की जरूरत हैं और जब पूरे देश में भाजपा का शासन होगा तभी भारत का सर्वांगीण विकास संभव है,” उन्होंने कहा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की डबल इंजन सरकारें आमजन के विकास, कल्याण और समृद्धि के लिए संकल्पित हैं। मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा करते हुए राठौड़ ने कहा कि मोदी जी को विश्व के 40 से अधिक देशों से सर्वोच्च सम्मान मिल चुका है, जो भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बजट में गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए खजाना खोल दिया है। इनकम टैक्स देने वालों की संख्या में वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि देश में लोगों की आय और जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
राठौड़ ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भाजपा ने वह सम्मान दिया जो कांग्रेस उन्हें कभी नहीं दे सकी। उन्होंने पंच तीर्थ योजना का जिक्र करते हुए बताया कि भाजपा ने बाबा साहब के जन्मस्थान से लेकर शिक्षा स्थलों तक उनका स्मारक विकसित किया है।
भाजपा सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने कहा कि ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और माही परियोजना जैसे बड़े जल प्रोजेक्ट्स पर कार्य शुरू हुआ है। प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सौर ऊर्जा में सब्सिडी और बिजली बिल में छूट जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। औद्योगिक विकास के लिए “राइजिंग राजस्थान समिट” में 35 लाख करोड़ के एमओयू किए गए, जिनमें से 10% से अधिक योजनाएं धरातल पर आ चुकी हैं।
भीलवाड़ा प्रवास के दौरान मदन राठौड़ ने त्रिवेणी संगम महादेव में कबूतर खाने का लोकार्पण भी किया। इसके अलावा वे महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव में सहभागी बने और डॉ. अंबेडकर जयंती, भाजपा स्थापना दिवस और सेवा सप्ताह के आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने भीलवाड़ा भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर उनका आभार जताया।