शोभना शर्मा। राजस्थान भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और वर्तमान में हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां के बेटे महीप पूनियां का विवाह जयपुर में भव्य समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। यह विवाह समारोह ना सिर्फ एक पारिवारिक उत्सव था, बल्कि देश की राजनीति और संगठन के दिग्गजों की एकता और रिश्तों की गर्माहट का भी प्रतीक बन गया।
महीप पूनियां ने शिक्षा जगत में प्रतिष्ठित प्रिंस ग्रुप के निदेशक जोगेंद्र सिंह सुंडा की सुपुत्री सिप्पी के साथ विवाह रचाया। जयपुर के ईपी स्थित आयोजन स्थल पर दोपहर से ही मेहमानों का तांता लगना शुरू हो गया था, जो रात 1 बजे तक लगातार बना रहा। आयोजन की भव्यता और शालीनता इस बात का प्रमाण थी कि सतीश पूनियां संगठन और समाज में कितने प्रभावशाली और लोकप्रिय नेता हैं।
इस आशीर्वाद समारोह में देश के कई राज्यों से आए मुख्यमंत्री, राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लव देव और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जैसे नाम समारोह में विशेष आकर्षण रहे।
राज्यपालों में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
राजनीति की बड़ी हस्तियों के साथ-साथ भाजपा के संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, लघु उद्योग भारती के संगठन महामंत्री प्रकाश चंद, उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मणिपुर भाजपा की अध्यक्ष शारदा देवी, संगठन महामंत्री शरद कुमार सिंह, राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष मदन राठौड़ और दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा शामिल थे।
वहीं, समारोह में राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण की मौजूदगी भी देखने को मिली।
इस आयोजन में विशेष बात यह रही कि सत्तारूढ़ दल के साथ-साथ विपक्ष के कई बड़े नेता भी वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की उपस्थिति ने समारोह को राजनीतिक संतुलन का भी प्रतीक बना दिया। किशनगढ़ से कांग्रेस विधायक डॉ. विकास चौधरी सहित समाज के कई प्रमुख लोग भी उपस्थित थे।
राजनीतिक बिरादरी की इस ऐतिहासिक एकजुटता के बीच कार्यकर्ताओं को भी विशेष मान मिला। राजस्थान के हर विधानसभा क्षेत्र से आए भाजपा कार्यकर्ताओं, बूथ और मंडल अध्यक्षों, विधायकों और सांसदों ने इस आयोजन को कार्यकर्ता सम्मान का प्रतीक बना दिया।
डॉ. सतीश पूनियां ने समारोह स्थल पर आए हज़ारों कार्यकर्ताओं को ससम्मान भोजन भी करवाया और सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इसके अतिरिक्त मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूनियां निवास पर जाकर वर-वधू को व्यक्तिगत रूप से आशीर्वाद दिया। इस आत्मीय भेंट के दौरान पूनियां ने दोनों नेताओं को शॉल और साफा भेंट कर सम्मानित किया। पूनियां ने इस अवसर पर कहा कि डॉ. मोहन यादव से विद्यार्थी परिषद से लेकर वर्तमान राजनीति तक की अनेक यादें साझा हुईं, और यह मुलाकात आत्मीयता से परिपूर्ण रही।