शोभना शर्मा। जयपुर नगर निगम में सोमवार को राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। जयपुर नगर निगम के अस्तित्व में आने के साथ ही अब शहर को 13 नए जोनों में विभाजित किया गया है। यह फैसला राज्य सरकार द्वारा नगर सीमा क्षेत्र के पुनर्गठन के बाद लागू हुआ है।
नई संरचना के अनुसार, जयपुर नगर निगम सीमा क्षेत्र में अब कुल 150 वार्ड होंगे, जिन्हें 13 जोनों में बांटा गया है। इन जोनों का उद्देश्य शहर में प्रशासनिक सुगमता, सेवाओं की पहुंच और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।
आमेर-हवामहल जोन में सबसे अधिक 18 वार्ड
नई सूची के अनुसार, आमेर-हवामहल जोन में सबसे ज्यादा 18 वार्ड रखे गए हैं, जबकि झोटवाड़ा जोन में केवल 5 वार्ड होंगे, जो सबसे कम हैं।
विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, सांगानेर और बगरू विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो जोन कार्यालय बनाए गए हैं, ताकि स्थानीय नागरिकों को नजदीकी स्तर पर प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकें।
आमेर विधानसभा क्षेत्र का शहरी इलाका पहले की तरह हवामहल जोन कार्यालय के तहत ही संचालित किया जाएगा। यह जोन पुनर्गठन जयपुर के शहरी विस्तार और बढ़ती आबादी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
नए जोनों और वार्डों की पूरी सूची
राज्य सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार, जयपुर नगर निगम के 13 जोनों में वार्डों का वितरण इस प्रकार है –
| क्रमांक | जोन का नाम | वार्ड संख्या | कुल वार्ड |
|---|---|---|---|
| 1 | विद्याधर नगर (मुरलीपुरा) | 1 से 6, 9 से 13 | 11 |
| 2 | विद्याधर नगर (विद्याधर) | 7 और 8, 14 से 22 | 11 |
| 3 | झोटवाड़ा (झोटवाड़ा) | 23 से 27 | 5 |
| 4 | झोटवाड़ा (वैशाली नगर) | 28 से 37 | 10 |
| 5 | सांगानेर (मानसरोवर) | 38 से 49 | 11 |
| 6 | सांगानेर (सांगानेर) | 47 और 50 से 58 | 10 |
| 7 | बगरू (जगतपुरा) | 59 से 63, 68 | 6 |
| 8 | बगरू (झालाना) | 64 से 67, 69 से 72 | 8 |
| 9 | मालवीय नगर | 73 से 87 | 15 |
| 10 | सिविल लाइन्स | 88 से 103 | 16 |
| 11 | किशनपोल | 104 से 115 | 12 |
| 12 | आदर्श नगर | 116 से 132 | 17 |
| 13 | आमेर-हवामहल | 133 से 150 | 18 |
इन नए जोनों की घोषणा के बाद अब शहर की वार्ड सीमाएं स्थायी रूप से तय हो गई हैं। आगामी नगर निगम चुनाव इन्हीं सीमाओं के आधार पर कराए जाएंगे।
गौरव सैनी बने नए नगर निगम कमिश्नर
राज्य सरकार ने देर रात जारी आदेश में आईएएस गौरव सैनी को जयपुर नगर निगम का नया कमिश्नर नियुक्त किया है। इससे पहले वे ग्रेटर नगर निगम आयुक्त के रूप में कार्यरत थे।
वहीं, आईएएस निधि पटेल को एपीओ (Awaiting Posting Orders) कर दिया गया है। वे अब तक हेरिटेज नगर निगम आयुक्त और जयपुर स्मार्ट सिटी सीईओ के रूप में कार्यरत थीं।
निगम मुख्यालयों में प्रशासनिक हलचल
नए आदेशों के बाद सोमवार को संभागीय आयुक्त पूनम ने जयपुर नगर निगम प्रशासन का कार्यभार ग्रहण कर लिया। हालांकि वे सोमवार को निगम मुख्यालय नहीं पहुंचीं। इस बीच, हेरिटेज नगर निगम मुख्यालय में कई समिति चेयरमैनों ने अपने कार्यालयों पर ताले नहीं खोले, जिसके बाद प्रशासन ने वहां अपने ताले लगवा दिए।
हालांकि, ग्रेटर निगम मुख्यालय में स्थिति सामान्य रही और कामकाज पहले की तरह चलता रहा।

