मनीषा शर्मा। भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML), जो देश की अग्रणी पब्लिक सेक्टर कंपनियों में से एक है, ने 682 पदों पर भर्ती का बड़ा नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती का बेसब्री से इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह सुनहरा मौका है। आवेदन की प्रक्रिया BEML की आधिकारिक वेबसाइट bemlindia.in पर शुरू हो चुकी है, जहां से उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में विभिन्न पदों के लिए शैक्षिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवारों को पदों के अनुसार आईटीआई, इंजीनियरिंग डिप्लोमा, नर्सिंग, फार्मेसी, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, एमबीए, सीए, एमटेक या समकक्ष डिग्री होनी आवश्यक है।
भर्ती में आयु सीमा भी पदों के अनुसार तय की गई है। स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट के लिए आयु सीमा 25 से 35 साल रखी गई है। नॉन एग्जीक्यूटिव के लिए उम्मीदवारों की उम्र 18 से 30 साल होनी चाहिए। वहीं, मैनेजमेंट ट्रेनी पद के लिए अधिकतम आयु 27 साल निर्धारित की गई है। सीनियर मैनेजमेंट पदों के लिए उम्मीदवारों की आयु 50 से 55 साल तक हो सकती है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट भी दी जाएगी। ओबीसी उम्मीदवारों को 3 साल, जबकि एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 5 साल की आयु छूट का लाभ मिलेगा।
इस भर्ती में आवेदन शुल्क की बात करें तो जनरल और ओबीसी वर्ग को 500 रुपए शुल्क देना होगा। वहीं, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी और एक्स सर्विसमैन के उम्मीदवारों के लिए आवेदन पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है।
सिलेक्शन प्रोसेस के तहत उम्मीदवारों को सबसे पहले रिटन एग्जाम देना होगा। इसके बाद स्किल टेस्ट और इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जाम से गुजरना होगा। सभी चरणों को पार करने के बाद ही फाइनल चयन सूची जारी की जाएगी।
सैलरी इस भर्ती का सबसे बड़ा आकर्षण है। बीईएमएल अपने कर्मचारियों को विभिन्न पदों के अनुसार शानदार पैकेज दे रहा है।
सिक्योरिटी और फायर गार्ड्स को प्रतिमाह 22,000 से 25,000 रुपए मिलेंगे।
स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट के लिए सैलरी 29,200 से 62,000 रुपए प्रतिमाह तय है।
नॉन एग्जीक्यूटिव पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 23,000 से 27,000 रुपए प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
टेम्परेरी एम्प्लॉइज (डिप्लोमा/आईटीआई) को 20,000 से 24,000 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे।
मैनेजमेंट ट्रेनी पद पर चयनित उम्मीदवारों को 40,000 से 1,40,000 रुपए प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा।
वहीं, सीनियर मैनेजमेंट पदों के लिए सैलरी पैकेज 70,000 से 2,60,000 रुपए प्रतिमाह तक रहेगा।
यह भर्ती उन युवाओं के लिए शानदार अवसर है जो पब्लिक सेक्टर कंपनियों में अपना करियर बनाना चाहते हैं। भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड न केवल एक स्थिर और सुरक्षित नौकरी प्रदान करता है, बल्कि यहां मिलने वाला वेतन पैकेज और सुविधाएं भी बेहतरीन हैं।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले ऑफिशियल नोटिफिकेशन ध्यानपूर्वक पढ़ें और अपनी पात्रता की पूरी तरह से जांच कर लें। समय पर आवेदन करना बेहद जरूरी है, क्योंकि आखिरी तारीख नजदीक आते ही सर्वर पर लोड बढ़ सकता है।


