राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयुष विभाग में लेक्चरर भर्ती परीक्षा–2025 का आयोजन इस बार कंप्यूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट (CBRT) के माध्यम से किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन मोड में होगी, ताकि पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता सुनिश्चित की जा सके।
यह परीक्षा अजमेर जिला मुख्यालय पर 12 जनवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले ऑनलाइन परीक्षा प्रक्रिया से भली-भांति परिचित हो जाएं।
मॉक टेस्ट की सुविधा की गई उपलब्ध
ऑनलाइन परीक्षा को ध्यान में रखते हुए आरपीएससी ने अभ्यर्थियों के लिए मॉक टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर कैंडिडेट इनफॉर्मेशन सेक्शन में कंप्यूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट से संबंधित मॉक टेस्ट दिए गए हैं।
आयोग का कहना है कि अभ्यर्थी इन मॉक टेस्ट का अभ्यास अवश्य करें, ताकि उन्हें ऑनलाइन परीक्षा की प्रक्रिया, प्रश्न हल करने की तकनीक और समय प्रबंधन की सही जानकारी मिल सके। इससे परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रिया संबंधी परेशानी से बचा जा सकेगा।
9 जनवरी को जारी होंगे एडमिट कार्ड
आरपीएससी के सचिव रामनिवास मेहता ने जानकारी दी है कि आयुष लेक्चरर भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र 9 जनवरी को आयोग की वेबसाइट और SSO पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
इसके अलावा SSO पोर्टल पर लॉगिन कर सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल के जरिए भी एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा दी गई है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और उसमें दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें।
परीक्षा केंद्र पर 60 मिनट पहले मिलेगा प्रवेश
आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने के 60 मिनट पहले तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच और पहचान प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। देर से पहुंचने पर तलाशी और पहचान में समय लगने की स्थिति में परीक्षा में शामिल होने से वंचित किया जा सकता है।
पहचान के लिए ये दस्तावेज अनिवार्य
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को पहचान के लिए मूल आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। आधार कार्ड का रंगीन प्रिंट होना आवश्यक है। यदि आधार कार्ड पर लगी फोटो पुरानी या अस्पष्ट है, तो अभ्यर्थी को अन्य फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र जैसे मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस साथ लाना होगा।
इसके साथ ही अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर भी नई रंगीन फोटो लगाकर लानी होगी। स्पष्ट फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र के अभाव में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पहचान संबंधी नियमों में किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
दलालों से सावधान रहने की अपील
आरपीएससी ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि वे किसी भी दलाल, मीडिएटर या असामाजिक तत्व के बहकावे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगता है या किसी प्रकार का प्रलोभन देता है, तो इसकी सूचना प्रमाण सहित जांच एजेंसी या आयोग के कंट्रोल रूम नंबरों पर देने की अपील की गई है।
अनुचित साधनों पर कड़ी सजा का प्रावधान
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में अनुचित साधन अपनाने या किसी भी तरह के अनुचित कृत्य में संलिप्त पाए जाने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम–2022 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और चल-अचल संपत्ति की कुर्की तक का प्रावधान है।


