शोभना शर्मा, अजमेर। शहर के डिग्गी बाजार इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राज्य के विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए शहर के सभी होटलों की फायर एनओसी और सुरक्षा व्यवस्था का सर्वे कराया जाएगा।
चार की मौत, दो की हालत गंभीर
तीन दिन पहले हुए इस दर्दनाक हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। घायलों में से दो की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। निरीक्षण के दौरान देवनानी ने यह भी जानकारी दी कि हादसे में एक महिला फायर कर्मी भी बेहोश हो गई थी, जिसे तत्काल उपचार के लिए भेजा गया था।
सभी होटलों की होगी सघन जांच
देवनानी ने नगर निगम और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शहर के किसी भी होटल के पास बिना फायर एनओसी संचालन की अनुमति न हो। इसके लिए एक विशेष परफॉर्मा तैयार किया गया है, जिसमें होटल मालिकों को फायर से जुड़ी तमाम जानकारी भरनी होगी। इसमें फायर अलार्म, इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन यंत्र और एनओसी की स्थिति शामिल है।
उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
वासुदेव देवनानी ने साफ शब्दों में कहा कि जो होटल नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उन्हें नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अवैध निर्माण और बिना लाइसेंस के संचालन करने वाले प्रतिष्ठानों को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फायर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खामी को गंभीरता से लिया जाए और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो।