मनीषा शर्मा, अजमेर। राजस्थान में चल रहे कांग्रेस संगठन सर्जन अभियान के तहत अजमेर जिले के केंद्रीय पर्यवेक्षक और हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर शनिवार को अजमेर पहुंचे। वे यहां 13 अक्टूबर तक रुकेंगे और इस अवधि में शहर व देहात कांग्रेस की बैठकों में भाग लेंगे, साथ ही संगठन की स्थिति पर विस्तृत फीडबैक भी लेंगे।
अशोक तंवर ने अजमेर पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और कहा कि राजस्थान में कांग्रेस का संगठन बेहद मजबूत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा शुरू की गई संगठनात्मक मुहिम के तहत पूरे राज्य में पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने पर काम चल रहा है।
पहली बैठक आज सर्किट हाउस में होगी
अशोक तंवर रविवार से बैठकों के सिलसिले की शुरुआत करेंगे। पहली बैठक अजमेर सर्किट हाउस में आयोजित की जाएगी, जिसमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन, देहात कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की ओर से नियुक्त अन्य पर्यवेक्षक शामिल होंगे।
बैठक में आगामी रणनीति, संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती, और पार्टी की आंतरिक एकजुटता पर चर्चा की जाएगी। तंवर ने बताया कि यह अभियान केवल समीक्षा के लिए नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने और पार्टी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
कांग्रेस एकजुट, जनता के मुद्दों पर फोकस
अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता के मुद्दों पर केंद्रित रही है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना और जनता की आवाज को पार्टी के मंच तक पहुंचाना है। राहुल गांधी और एआईसीसी अध्यक्ष द्वारा शुरू की गई यह मुहिम पार्टी में नई ऊर्जा भर रही है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अजमेर, जो राजस्थान की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है, वहां कांग्रेस की जड़ें मजबूत हैं और संगठन को और सशक्त करने के लिए हर नेता और कार्यकर्ता को जिम्मेदारी से काम करना होगा।
5 अक्टूबर को शहर कांग्रेस की बैठक
5 अक्टूबर को अशोक तंवर हंस पैराडाइज में शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक लेंगे। इस बैठक में शहर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, एआईसीसी, पीसीसी, डीसीसी, विधायक, सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व सांसद शामिल होंगे। बैठक में तंवर कार्यकर्ताओं के साथ वन-टू-वन संवाद करेंगे और उनके विचार जानेंगे। यह बैठक संगठन की वास्तविक स्थिति, कार्यकर्ताओं के मनोबल और आने वाले समय में चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा तय करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
6 अक्टूबर को किशनगढ़ में देहात कांग्रेस बैठक
अशोक तंवर 6 अक्टूबर को किशनगढ़ में देहात कांग्रेस की बैठक करेंगे। इसमें जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े कांग्रेस नेताओं, ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात होगी। तंवर इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति, चुनौतियों और स्थानीय मुद्दों पर फीडबैक लेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल शहरी क्षेत्रों में नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी गहराई तक जुड़ी है। पार्टी का लक्ष्य किसानों, मजदूरों और आम जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देना है।
7 अक्टूबर से ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठकें
7 अक्टूबर को अशोक तंवर अजमेर शहर की ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के साथ बैठकों का आयोजन करेंगे। ये बैठकें ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने, नए पदाधिकारियों के चयन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने के लिए की जा रही हैं।
इसके बाद तंवर 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न देहात इलाकों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर फीडबैक एकत्रित करेंगे और उसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेंगे।
नेताओं और कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद
अशोक तंवर का यह दौरा केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि वे हर स्तर पर पार्टी की नब्ज टटोलने आए हैं। बताया जा रहा है कि वे प्रत्येक बैठक के बाद वन-टू-वन संवाद करेंगे ताकि संगठन की वास्तविक स्थिति को समझा जा सके।
तंवर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में हर कार्यकर्ता की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का संगठन विचार और प्रतिबद्धता पर चलता है। यहां हर व्यक्ति को अपनी राय रखने की पूरी आजादी है। इसी वजह से यह पार्टी सबसे लोकतांत्रिक है।”
अजमेर में हुआ भव्य स्वागत
अशोक तंवर के अजमेर पहुंचने पर रेलवे स्टेशन, गांधी भवन चौराहा और सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया, डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व विधायक श्रीगोपाल बाहेती, निर्वतमान शहर अध्यक्ष विजय जैन, और देहात अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर और नारे लगाकर तंवर का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अशोक तंवर का यह दौरा अजमेर जिले में कांग्रेस को नई ऊर्जा देगा।
संगठन सर्जन अभियान की पृष्ठभूमि
कांग्रेस का संगठन सर्जन अभियान एआईसीसी की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में पार्टी ढांचे को पुनर्गठित करना और जमीनी स्तर तक सक्रियता बढ़ाना है। इस अभियान के तहत प्रत्येक जिले में केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो संगठन की स्थिति की समीक्षा कर रिपोर्ट देंगे। अजमेर के लिए अशोक तंवर को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उनका अनुभव और संगठनात्मक समझ पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


