शोभना शर्मा। अजमेर में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्रपाल कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर सेंटर द्वारा “कैंसर जाँच आपके द्वार” बस सेवा और आधुनिक कैंसर यूनिट की शुरुआत की गई। पंचशील नगर स्थित क्षेत्रपाल हॉस्पिटल परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल प्रतियोगिताओं के साथ इस विशेष पहल का उद्घाटन किया गया।
ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम
हॉस्पिटल के चेयरमेन डॉ. रमेश क्षेत्रपाल, निदेशक डॉ. अरुण क्षेत्रपाल और मुख्य अतिथि पुष्पा लोढ़ा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया गया। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समूह गान, देशभक्ति गीत और सामूहिक नृत्य शामिल रहे, जिनमें बच्चों और अस्पताल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खेल प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान हॉस्पिटल के 10वें स्थापना दिवस को पखवाड़े के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर शतरंज, कैरम, बैडमिंटन और क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शतरंज प्रतियोगिता में प्रमोद कुमावत और मास्टर थानिश अग्रवाल विजेता रहे। कैरम में अविनाश शर्मा और एल्विन सिंह, जबकि महिला वर्ग में वंदना चौहान व कृतिका शर्मा विजेता बनीं। बैडमिंटन में महिला डबल्स का खिताब डॉ. ज्योति डाबी निर्वाण व डॉ. दीप्ति निर्वाण ने जीता। पुरुष डबल्स में डॉ. प्रकाश चौधरी और डॉ. नरेन्द्र पचेहरा, वहीं मिक्स डबल्स में डॉ. प्रकाश चौधरी व डॉ. निर्मल कंवर शेखावत विजेता बने।
क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में डॉक्टरों की टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम के कप्तान डॉ. प्रकाश चौधरी (न्यूरो सर्जन) को मुख्य अतिथियों ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
कैंसर यूनिट का शुभारंभ
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में क्षेत्रपाल कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर सेंटर यूनिट का विधिवत शुभारंभ किया गया। चेयरमेन डॉ. रमेश क्षेत्रपाल, मुख्य अतिथि पुष्पा लोढ़ा और विशिष्ट अतिथि स्मृति ने मिलकर इसका उद्घाटन किया।
डॉ. रमेश क्षेत्रपाल ने बताया कि यह अजमेर संभाग की पहली कॉम्प्रिहेंसिव कैंसर यूनिट है। यहां पर अत्याधुनिक PET-CT मशीन और एडवांस्ड LINAC मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से कैंसर रोगियों की सटीक जांच और थेरेपी की जा सकेगी। अब मरीजों को कैंसर उपचार के लिए दिल्ली, मुंबई या अन्य महानगरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि सारी आधुनिक सुविधाएं अब एक ही छत के नीचे अजमेर में उपलब्ध होंगी।
“कैंसर जाँच आपके द्वार” बस सेवा
इस अवसर पर “कैंसर जाँच आपके द्वार” बस सेवा की भी शुरुआत की गई। यह मोबाइल यूनिट गांव-गांव जाकर कैंसर रोगियों की जांच और परामर्श सेवाएं प्रदान करेगी। ग्रामीण इलाकों के मरीजों को अब दूर शहर आने की जरूरत नहीं होगी। यह बस प्राथमिक स्तर पर स्क्रीनिंग करेगी और जरूरत पड़ने पर मरीजों को हॉस्पिटल की आधुनिक यूनिट में रेफर किया जाएगा।
जनसेवा और स्वास्थ्य संकल्प
समापन अवसर पर निदेशक डॉ. रमेश क्षेत्रपाल ने अजमेरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि क्षेत्रपाल हॉस्पिटल सदैव समाज की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज अब स्थानीय स्तर पर संभव है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को मानसिक व आर्थिक दोनों स्तरों पर राहत मिलेगी।


