पंचशील नगर स्थित क्षेत्रपाल हॉस्पिटल में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं को और अधिक मजबूत करते हुए स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ पूजा पाटीदार ने अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। अस्पताल प्रबंधन ने इसे अजमेर और आसपास के क्षेत्र की महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। अस्पताल में अब महिलाओं को गर्भावस्था से लेकर स्त्री रोग संबंधी विभिन्न जटिल समस्याओं के उपचार के लिए विशेषज्ञ सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।
अस्पताल की मेडिकल अधीक्षक डॉ मोनिका सचान और प्रकाश चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ पूजा पाटीदार ने एमबीबीएस की पढ़ाई गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रायपुर से पूरी की है। इसके बाद उन्होंने गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज कोटा से ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी में विशेषज्ञता हासिल की। अपने अनुभव और विशेषज्ञता के आधार पर वे महिलाओं से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का आधुनिक तरीके से उपचार करेंगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार डॉ पूजा पाटीदार द्वारा प्रसव पूर्व देखभाल, सामान्य एवं सिजेरियन डिलीवरी, स्त्री रोग संबंधी नियमित जांच और उपचार जैसी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा बार-बार गर्भपात होने की समस्या से जूझ रही महिलाओं के लिए विशेष उपचार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। बांझपन से संबंधित समस्याओं का इलाज, किशोरियों में होने वाली स्त्री रोग संबंधी परेशानियां जैसे अनियमित माहवारी और पीसीओडी का उपचार भी उनकी प्रमुख सेवाओं में शामिल रहेगा।
महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में बच्चेदानी से संबंधित ऑपरेशन, मेनोपॉज के दौरान स्वास्थ्य परामर्श और सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा भी दी जाएगी। इसके लिए पैप स्मीयर जांच जैसी आधुनिक जांच सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे शुरुआती चरण में बीमारी की पहचान कर समय पर उपचार संभव हो सकेगा। इसके साथ ही हाई रिस्क प्रेगनेंसी के मामलों में विशेष निगरानी और उपचार की सुविधा भी मरीजों को मिलेगी। परिवार नियोजन से जुड़ी दूरबीन द्वारा नसबंदी जैसी सेवाएं भी अस्पताल में उपलब्ध रहेंगी।
डॉ पूजा पाटीदार की ओपीडी का समय सोमवार से शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। इससे मरीजों को नियमित रूप से परामर्श और उपचार की सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को मजबूत किया जा रहा है।
गौरतलब है कि क्षेत्रपाल हॉस्पिटल में पहले से ही डॉ देविका चौधरी और डॉ अर्चना मित्तल अपनी सेवाएं दे रही हैं। अब डॉ पूजा पाटीदार के जुड़ने से अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग और अधिक सशक्त हो गया है। इससे अजमेर सहित आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
क्षेत्रपाल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ रमेश क्षेत्रपाल ने डॉ पूजा पाटीदार का स्वागत करते हुए उन्हें अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने बुके भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अस्पताल प्रबंधन ने विश्वास जताया कि डॉ पूजा पाटीदार के अनुभव और विशेषज्ञता से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी और महिलाओं के स्वास्थ्य क्षेत्र में अस्पताल की सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी।


