latest-newsअजमेरराजस्थान

आनासागर झील में एक मीटर तक गाद निकासी की तैयारी

आनासागर झील में एक मीटर तक गाद निकासी की तैयारी

अजमेर में ऐतिहासिक आनासागर झील की जलभराव क्षमता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को झील का दौरा कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि झील के चारों ओर से लगभग एक मीटर तक गाद निकाली जाए, ताकि बरसात के दौरान अधिक पानी का संग्रह हो सके।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य बजट घोषणा के तहत इस परियोजना पर लगभग 78 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। गाद निकासी के बाद झील की गहराई बढ़ेगी और जलधारण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।

सेवन वंडर क्षेत्र तक जलभराव की योजना

दौरे के दौरान देवनानी ने यह भी निर्देश दिए कि सेवन वंडर के पास खाली पड़ी जमीन को झील के स्तर तक लाकर वहां भी पानी का भराव सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए खुदाई कर जमीन को झील की सतह के अनुरूप बनाया जाएगा। उनका कहना था कि इस कार्य से न केवल झील की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक शक्ति सिंह राठौड़ तथा सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर परियोजना की तकनीकी पहलुओं को समझा गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी।

चार नई सड़कों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर विकास प्राधिकरण को शहर में चार नई सड़कों के विकास और विस्तार के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित सड़कों में नगर निगम के नए कार्यालय से लोहागल होते हुए नागौर हाईवे, स्टीफन चौराहे से माकड़वाली होते हुए नागौर हाईवे, पृथ्वीराज नगर से रातीडांग और चौरसियावास होते हुए नौसरघाटी मार्ग, तथा रेयान स्कूल से हाथीखेड़ा होते हुए वरुण सागर और खरेकड़ी रोड तक सड़क निर्माण शामिल है।

इन सड़कों के विकसित होने से यातायात व्यवस्था में सुधार और शहर के बाहरी क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

रिंग रोड और अन्य विकास कार्यों पर जोर

सार्वजनिक निर्माण विभाग को अजमेर के चारों ओर प्रस्तावित रिंग रोड की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए। राज्य बजट में इसके लिए तीन करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा रामसेतु के नीचे पार्किंग शुरू करने, केसर बाग पुलिया को ऊंचा करने तथा ब्रह्मपुरी नाले की सफाई और गहराई बढ़ाने के कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में डीएमएफटी से स्वीकृत अग्निशमन उपकरण लगाने, सड़कों के पेचवर्क, प्रस्तावित महिला शौचालयों के निर्माण और निगम क्षेत्र में नवशामिल इलाकों में सफाई व रोड लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए गए। विजयराजे सिंधिया नगर के पास बन रहे खेल स्टेडियम के कार्य की समीक्षा भी की गई।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading