All India Institute of Medical Sciences (AIIMS) दिल्ली की ओर से नर्सिंग ऑफिसर भर्ती के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा AIIMS NORCET 10 का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नोटिफिकेशन के अनुसार NORCET 10 के तहत प्रीलिम्स परीक्षा का आयोजन 11 अप्रैल 2026 को किया जाएगा, जबकि मेन्स परीक्षा 30 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी। यह परीक्षा देशभर के विभिन्न AIIMS संस्थानों में नर्सिंग ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जाती है।
शैक्षणिक योग्यता
AIIMS NORCET 10 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग या बीएससी नर्सिंग की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का भारतीय नर्सिंग परिषद या संबंधित राज्य नर्सिंग परिषद में नर्स एवं मिडवाइफ के रूप में पंजीकरण होना जरूरी है। उम्मीदवार के पास कम से कम 50 बेड वाले अस्पताल में न्यूनतम दो वर्ष का कार्य अनुभव भी होना चाहिए। यह अनुभव पात्रता के लिए अनिवार्य शर्तों में शामिल है।
आयु सीमा
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 3000 रुपए निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 2400 रुपए आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं दिव्यांग (PWBD) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन निशुल्क रहेगा।
वेतनमान
चयनित अभ्यर्थियों को वेतन बैंड-2 के अनुसार 9300 से 34800 रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार भत्ते भी देय होंगे।
चयन प्रक्रिया
नर्सिंग ऑफिसर पद पर चयन चार चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले प्रीलिम्स परीक्षा आयोजित होगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को मेन्स परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा। परीक्षा का विस्तृत एग्जाम पैटर्न अभी जारी नहीं किया गया है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें।
आवेदन प्रक्रिया
उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाएं। होम पेज पर दिए गए Important Announcements सेक्शन में Nursing Officer Recruitment Common Eligibility Test (NORCET-10) से संबंधित लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नए पेज पर जाकर न्यू रजिस्ट्रेशन लिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण करें। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरें। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें। अंत में आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें। AIIMS NORCET 10 उन उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है जो नर्सिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। समय पर आवेदन कर परीक्षा की तैयारी शुरू करना ही सफलता की कुंजी होगी।


