बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर तीखा पलटवार किया है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस लगातार अफवाहें फैलाने की राजनीति करती रही है, लेकिन अब जनता उनकी बातों में आने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाकर वोट बटोरने की कोशिश करती है, जबकि अब लोग विकास, जागरूकता और शांति चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब आत्मनिर्भर बनना चाहती है और मांगने की स्थिति से आगे बढ़कर देने वाली स्थिति में आना चाहती है। ऐसे में कांग्रेस की “भ्रम की राजनीति” अब बेकार साबित होगी।
‘डबल इंजन’ बनाम ‘ट्रबल इंजन’
दरअसल, डोटासरा ने बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकार को ‘डबल इंजन’ की बजाय ‘ट्रबल इंजन’ वाली सरकार बताया था। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को ही असली परेशानी का सामना करना पड़ेगा। राठौड़ ने यह बयान बीजेपी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान दिया।
राहुल गांधी के बयान पर भी जवाब
राठौड़ ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आंखों में डर दिखता है। राठौड़ ने कहा कि पीएम मोदी सबको समान दृष्टि से देखते और समझते हैं तथा राष्ट्रीय हित में निर्णय लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के किसी भी नागरिक का अहित बर्दाश्त नहीं करते, इसलिए अगर देश का अहित करने वाले उनकी आंखों से डरते हैं तो यह स्वाभाविक है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी को पीएम मोदी की आंखों में डर दिखाई देता है तो इसमें वे क्या कर सकते हैं।
संसद में उठा था मुद्दा
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने संसद में एक अंतरराष्ट्रीय मामले का जिक्र करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री की आंखों में डर नजर आता है और इसके पीछे बाहरी दबाव हो सकता है। उन्होंने मार्शल आर्ट का उदाहरण देते हुए कहा था कि जिस तरह ‘चोक’ लगने पर व्यक्ति की आंखों में डर दिखता है, उसी तरह यहां भी डर दिखाई देता है। इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।


