latest-newsजयपुरराजनीतिराजस्थान

जवाहर कला केन्द्र में ‘मेलोडी ऑफ कलर्स’ प्रदर्शनी का शुभारंभ

जवाहर कला केन्द्र में ‘मेलोडी ऑफ कलर्स’ प्रदर्शनी का शुभारंभ

राजधानी जयपुर स्थित जवाहर कला केन्द्र की प्रतिष्ठित अलंकार आर्ट गैलरी में शनिवार से वाटर कलर आर्टिस्ट डॉ. सुषमा महाजन की एकल कला प्रदर्शनी ‘मेलोडी ऑफ कलर्स’ की शुरुआत हुई। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दीया कुमारी ने किया। उद्घाटन अवसर पर कला, संस्कृति और रचनात्मक जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग और कला प्रेमी उपस्थित रहे। यह प्रदर्शनी जलरंग माध्यम में मानवीय संवेदनाओं, रंगों की गहराई और कल्पनाओं के सूक्ष्म भावों को प्रस्तुत करती है, जिसने उद्घाटन के साथ ही दर्शकों को आकर्षित किया।

दीया कुमारी ने जलरंग कृतियों की जमकर की सराहना

उद्घाटन के पश्चात उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित डॉ. सुषमा महाजन की लगभग 60 जलरंग कृतियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सुषमा महाजन द्वारा तैयार की गई ये कला कृतियां निश्चित रूप से उत्कृष्ट, अद्भुत और भावनाओं से परिपूर्ण हैं। जलरंगों में साकार होती संवेदनाएं दर्शक को एक अलग ही संसार में ले जाती हैं। दीया कुमारी ने कहा कि इन कृतियों में रंगों की वाइब्रेंट प्रस्तुति और सूक्ष्म कलात्मकता मानवीय भावनाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व करती है। प्रत्येक पेंटिंग अपने आप में एक कहानी कहती प्रतीत होती है, जो कलाकार की गहरी संवेदनशीलता और अनुभव को दर्शाती है।

जलरंग कला की सिद्धहस्त कलाकार हैं डॉ. सुषमा महाजन

उपमुख्यमंत्री ने डॉ. सुषमा महाजन को जलरंग कला की सिद्धहस्त कलाकार बताते हुए कहा कि वे इस विधा की सच्ची मास्टर हैं। जलरंग जैसे कठिन माध्यम में जिस संतुलन, धैर्य और सटीकता की आवश्यकता होती है, वह उनकी कृतियों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि डॉ. सुषमा की यह कला न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश और अंतरराष्ट्रीय कला जगत में विशिष्ट पहचान बना रही है। उनकी जलरंग कृतियां राजस्थान की समृद्ध कला और संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।

प्रदर्शनी में 60 जलरंग कृतियां, 22 नई रचनाएं शामिल

‘मेलोडी ऑफ कलर्स’ प्रदर्शनी में कुल लगभग 60 जलरंग कृतियां प्रदर्शित की गई हैं। इनमें से 22 नई कृतियां विशेष रूप से इसी प्रदर्शनी के लिए तैयार की गई हैं। इसके साथ ही पेरिस, जयपुर और नई दिल्ली में पूर्व में प्रदर्शित की जा चुकी चुनिंदा कृतियों को भी इस प्रदर्शनी में शामिल किया गया है। इन सभी कृतियों में रंगों का सामंजस्य, भावनात्मक गहराई और सौंदर्यबोध का अद्भुत संगम देखने को मिलता है, जो दर्शकों को लंबे समय तक बांधे रखता है।

19 जनवरी तक कला प्रेमियों के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी

यह तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी 19 जनवरी तक कला प्रेमियों के लिए खुली रहेगी। आम दर्शक प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से सायं 7:30 बजे तक जवाहर कला केन्द्र की अलंकार आर्ट गैलरी में जाकर इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं। ‘मेलोडी ऑफ कलर्स’ न केवल एक कला प्रदर्शनी है, बल्कि यह जलरंग माध्यम के जरिए मानवीय संवेदनाओं, कल्पनाओं और रंगों की लय को महसूस करने का एक अनूठा अनुभव भी प्रदान करती है।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading