राजस्थान सहित पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण शीतलहर की गिरफ्त में है। मकर संक्रांति जैसे पर्व के दौरान भी प्रदेश को कड़ाके की सर्दी से राहत नहीं मिल पाई है। ठंडी हवाओं, गिरते तापमान और घने कोहरे ने आम जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। हालात ऐसे हैं कि कई जिलों में ओस की बूंदें जमकर बर्फ की सफेद परत में तब्दील होती नजर आ रही हैं। सड़कें, खेत और वाहन बर्फीली ओस से ढके दिखाई दे रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, सूर्य के उत्तरायण होने के बाद भले ही दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, लेकिन रात की सर्दी फिलहाल लोगों को परेशान करती रहेगी।
अगले 4–5 दिन मौसम रहेगा शुष्क
जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान आसमान साफ रहेगा, लेकिन ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात और सुबह के समय सर्दी का असर ज्यादा रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ी राहत नहीं मिलेगी और कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।
करौली मे सबसे ज्यादा सर्दी
बीते 24 घंटों के दौरान राजस्थान के कई जिलों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, करौली राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दिन के समय पाली सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
10 से ज्यादा जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे
राज्य के 10 से अधिक जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। अलवर में 3.2 डिग्री, फतेहपुर (AWS) में 4.3 डिग्री, करौली (AWS) में 2.2 डिग्री, दौसा में 3.3 डिग्री, श्रीगंगानगर में 3.6 डिग्री और जैसलमेर में 4.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, नागौर (AWS) में 4.4 डिग्री, भीलवाड़ा में 8.6 डिग्री और पिलानी में 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
कोहरे का डबल अटैक, यातायात प्रभावित
ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उदयपुर और चित्तौड़गढ़ जैसे दक्षिणी जिलों में भी दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। सुबह के समय वाहन चालकों को खासा सतर्क रहना पड़ा।
18–19 जनवरी को बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, 18 और 19 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से जयपुर और भरतपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आसपास के इलाकों में भी बूंदाबांदी के आसार हैं। बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे ठंड और गलन का अहसास और तीखा हो सकता है। हालांकि, इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे रात की ठिठुरन से कुछ राहत मिल सकती है।


