मनीषा शर्मा। उत्तर भारत में जारी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। खासतौर पर रेगिस्तानी राज्य राजस्थान में शीतलहर का असर बेहद गंभीर रूप ले चुका है। लगातार दूसरे दिन राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया, जिससे ठंड ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। हालात ऐसे हैं कि सुबह के समय खेतों में फसलों और वाहनों के बोनट पर जमी ओस बर्फ की चादर जैसी दिखाई दे रही है।
मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी राजस्थान के 13 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले दो दिनों तक ‘सीवियर कोल्ड डे’ यानी भीषण शीत दिवस की चेतावनी दी गई है।
फतेहपुर सबसे ठंडा, पारा माइनस में
मौसम विभाग (IMD) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सीकर जिले का फतेहपुर सोमवार को प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान -0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि डेली डाटा रिपोर्ट में कुछ स्थानों पर तापमान -2.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की पुष्टि भी की गई है। फतेहपुर के अलावा बीकानेर का लूणकरणसर (0.4°C) और चूरू (1.3°C) भी भीषण शीतलहर की चपेट में रहे।
राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन ठंडी हवाओं और कम धूप के कारण ठिठुरन बढ़ती जा रही है। तापमान के साथ-साथ नमी (आर्द्रता) का स्तर भी 40 से 70 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया, जिससे ठंड का असर और तीखा महसूस किया गया।
कई जिलों में जमाव बिंदु के पास तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार अजमेर में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री, जयपुर में 7.6 डिग्री, अलवर में 2.6 डिग्री, पिलानी में 1.5 डिग्री, सीकर में 2.0 डिग्री और झुंझुनूं में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं श्रीगंगानगर, नागौर, जैसलमेर और बीकानेर जैसे जिलों में भी तापमान बेहद कम बना हुआ है।
घना कोहरा, यातायात और स्कूल व्यवस्था प्रभावित
भीषण ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने सड़क, रेल और सामान्य यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रहने के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह और शाम के समय लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए।
शीतलहर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। प्रदेश के कई जिलों में कक्षा 5वीं तक के छात्रों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं, जबकि 6वीं से 12वीं तक के स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
13 जिलों में रेड, 19 में अलर्ट
मौसम विभाग ने जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, पाली, जालौर, सिरोही, नागौर, सीकर और झुंझुनूं में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक शीतलहर का यह प्रकोप जारी रह सकता है, हालांकि मकर संक्रांति के बाद कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।


