बीजेपी की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अधिकारियों और संगठन के बीच तालमेल को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष पार्टी के एंबेसेडर हैं और जनता के काम उनके हस्ताक्षर से होने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अधिकारी एक घंटी में पार्टी पदाधिकारियों का फोन उठाएं और समय पर काम करें, अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
कार्यकर्ता भाजपा की आत्मा, उपेक्षा बर्दाश्त नहीं
वसुंधरा राजे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के बिना प्राणविहीन है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की आवाज सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवाज है और इस आवाज की अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने पार्टी के संघर्षपूर्ण इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय था जब देश के चारों ओर कांग्रेस का प्रभुत्व था, लेकिन आज हर दिशा में भाजपा दिखाई देती है। यह बदलाव कार्यकर्ताओं की तपस्या और समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने भूख-प्यास की परवाह किए बिना कमल खिलाने का काम किया।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को दी बधाई
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भारत के विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य में विकास की दिशा में सकारात्मक काम हो रहे हैं।
विकास कार्यों पर जनता के सामने आत्मविश्वास से बात करें: भजनलाल शर्मा
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के सामने छाती ठोककर कहें कि सरकार ने विकास के काम किए हैं और किसी भी तरह का गलत कार्य नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यदि पिछली सरकार के पांच साल और वर्तमान सरकार के दो साल के कार्यकाल की निष्पक्ष तुलना की जाए, तो अंतर साफ नजर आता है।
कार्यशाला में पांच सत्र, राष्ट्रीय नेताओं का मार्गदर्शन
कांस्टीट्यूशनल क्लब में आयोजित इस भाजपा संगठनात्मक कार्यशाला में उद्घाटन और समापन सत्र सहित कुल पांच सत्र आयोजित किए गए। उद्घाटन सत्र को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संबोधित किया। इसके बाद राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
दो अन्य सत्रों में अलग-अलग विशेषज्ञों ने संगठन विस्तार और रणनीति पर अपने विचार रखे। समापन सत्र को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने संबोधित किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की अपील की।


