शोभना शर्मा। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षा 2026 की तारीखों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड के अनुसार, रेग्युलर स्टूडेंट्स की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी 2026 से शुरू होंगी, जबकि प्राइवेट स्टूडेंट्स की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 25 जनवरी 2026 से आयोजित की जाएंगी। रेग्युलर स्टूडेंट्स के एग्जाम 20 जनवरी तक और प्राइवेट स्टूडेंट्स के एग्जाम 31 जनवरी 2026 तक चलेंगे।
एग्जामिनर को भेजनी होगी प्रैक्टिकल परीक्षा की फोटो
बोर्ड प्रशासन ने इस बार प्रैक्टिकल परीक्षाओं की पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। सभी परीक्षकों को रोजाना संबंधित स्कूल में ली जा रही प्रैक्टिकल परीक्षा की फोटोग्राफ लेनी होगी। यह फोटो बोर्ड की आधिकारिक ई-मेल आईडी bserpracticalgpsimages@gmail.com पर भेजना अनिवार्य किया गया है। बोर्ड का मानना है कि इस व्यवस्था से प्रैक्टिकल परीक्षा की निगरानी और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
स्टूडेंट्स, स्कूल और परीक्षकों के लिए दिशा-निर्देश जारी
राजस्थान बोर्ड ने प्रैक्टिकल एग्जाम 2026 को लेकर स्टूडेंट्स, स्कूल प्रबंधन और बाह्य परीक्षकों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले परीक्षार्थी की परीक्षा उसी परीक्षक द्वारा और उसी विद्यालय में ली जाएगी। शाला प्रधान की विशेष अनुमति से परीक्षार्थी को अन्य बैच में शामिल किया जा सकता है, लेकिन किसी भी स्थिति में अन्य परीक्षक या अन्य विद्यालय में परीक्षा कराने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अनुपस्थित रहने पर किसकी होगी जिम्मेदारी
बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, यदि परीक्षार्थी बिना वैध कारण के अनुपस्थित रहता है तो उसे अनुपस्थित मानते हुए परिणाम जारी कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में शाला प्रधान और परीक्षार्थी स्वयं इसके लिए जिम्मेदार होंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस नियम में किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
प्राइवेट स्टूडेंट्स के एडमिट कार्ड होंगे अपलोड
प्राइवेट स्टूडेंट्स के लिए प्रायोगिक परीक्षा की सूचना और प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर परीक्षा से एक सप्ताह पूर्व अपलोड किए जाएंगे। स्वयंपाठी परीक्षार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
बोर्ड का नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
प्रैक्टिकल परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक बोर्ड की गोपनीय शाखा में नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। परीक्षा से जुड़े किसी भी विषय में सहायता के लिए बोर्ड द्वारा जारी फोन नंबर 0145-2620739, 2623776 पर संपर्क किया जा सकता है। तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए 0145-2632865, 2627454 और ई-मेल bserconf2018@gmail.com पर संपर्क करने की सुविधा दी गई है। इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा।
12 फरवरी से शुरू होंगी मुख्य परीक्षाएं
राजस्थान बोर्ड की ओर से 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाओं का टाइम टेबल पहले ही जारी किया जा चुका है। 10वीं की परीक्षा 12 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलेगी, जबकि 12वीं की परीक्षा 12 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी। इन परीक्षाओं में कुल 19 लाख 86 हजार 422 स्टूडेंट्स शामिल होंगे। बोर्ड ने इसके लिए राज्यभर में 6193 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं।


