latest-newsअजमेरदेशराजस्थान

पटवारी भर्ती: 7410 में से 1126 अभ्यर्थी अभी तक गैरहाजिर, आज डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन का अंतिम दिन

पटवारी भर्ती: 7410 में से 1126 अभ्यर्थी अभी तक गैरहाजिर, आज डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन का अंतिम दिन

शोभना शर्मा। राजस्थान पटवारी सीधी भर्ती परीक्षा 2025 में सफल रहे उम्मीदवारों के लिए पात्रता जांच और डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन का आज अंतिम दिन है। राजस्व मंडल प्रशासन ने अब तक उपस्थित न हो पाए उम्मीदवारों को अंतिम अवसर दिया है। राजस्व मंडल द्वारा 3705 पदों पर भर्ती के लिए कुल 7410 उम्मीदवारों को बुलाया गया था, लेकिन अब तक केवल 6284 अभ्यर्थियों की पात्रता जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो सकी है।

1126 अभ्यर्थी अभी भी नहीं पहुंचे

प्रशासन के अनुसार अब भी 1126 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन्होंने निर्धारित तिथि पर डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन नहीं कराया है। ऐसे अभ्यर्थी आज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अजमेर स्थित राजस्व अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान में उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों की जांच करवा सकते हैं। राजस्व बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आज के बाद किसी भी अभ्यर्थी को अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।

रविवार को भी हुआ सत्यापन, फिर भी कई रहे अनुपस्थित

राजस्व बोर्ड के उप निबंधक (भू-अभिलेख) रवींद्र कुमार ने बताया कि अंतिम चरण में रविवार को 1312 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 1116 अभ्यर्थियों ने डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन कराया। इसके साथ ही पूर्व में गैरमौजूद रहे 59 उम्मीदवार भी शामिल हुए, जिससे कुल 1175 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बावजूद 196 उम्मीदवार अब भी अनुपस्थित रहे।

8 दिसंबर से चल रही है प्रक्रिया

पटवारी प्रतियोगी परीक्षा 2025 में अस्थायी रूप से चयनित अभ्यर्थियों के डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन और पात्रता जांच की प्रक्रिया 8 दिसंबर से शुरू की गई थी। यह कार्य अजमेर स्थित राजस्व अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान में किया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए 41 टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।

परीक्षा और परिणाम की जानकारी

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा पटवारी भर्ती परीक्षा का आयोजन 17 अगस्त 2025 को किया गया था। परीक्षा के परिणाम 3 दिसंबर 2025 को घोषित किए गए थे। परिणाम जारी होने के बाद अस्थायी रूप से चयनित उम्मीदवारों को डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया।

अंतिम चयन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश

अंतिम चयन के लिए अभ्यर्थियों को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से डिटेल्ड एप्लिकेशन फॉर्म सह स्क्रूटनी फॉर्म डाउनलोड कर भरना अनिवार्य है। इस फॉर्म की दो मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से संबंधित प्रमाण, शैक्षणिक योग्यता और कंप्यूटर दक्षता के प्रमाणपत्र, जन्मतिथि से संबंधित दस्तावेज, मूल निवास प्रमाणपत्र, जाति और आरक्षण से जुड़े प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने होंगे।

इसके अलावा विधवा और परित्यक्ता महिलाओं को संबंधित न्यायिक और वैवाहिक दस्तावेज, दिव्यांग अभ्यर्थियों को मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी प्रमाणपत्र, भूतपूर्व सैनिकों को सेवा संबंधी दस्तावेज तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। चरित्र प्रमाणपत्र, हस्तलिपि प्रपत्र, विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र और फोटो पहचान पत्र भी जांच के दौरान आवश्यक हैं।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading