latest-newsदेशराजस्थानसीकर

आधी रात खाटूश्यामजी में महसूस हुए भूकंप के झटके

आधी रात खाटूश्यामजी में महसूस हुए भूकंप के झटके

शोभना शर्मा। राजस्थान के सीकर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में रविवार देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रात करीब 12 बजकर 4 मिनट पर धरती के अचानक हिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जो लोग सो रहे थे, उनकी नींद खुल गई और कई श्रद्धालु होटल, धर्मशालाओं और घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप से किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

मंदिर और होटलों से बाहर निकले श्रद्धालु

भूकंप के झटके ऐसे समय महसूस हुए जब खाटूश्यामजी में एकादशी के कारण पहले से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। बाहर से दर्शन के लिए आए भक्त अचानक सहम गए। कई लोगों को कुछ क्षणों तक यह समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। कुछ श्रद्धालु घबराकर खुले स्थानों की ओर चले गए, जबकि कई लोगों ने बाबा श्याम के जयकारे लगाए और स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया।

पंखा हिलने से हुआ झटके का अहसास

धर्मशाला में चौकीदारी करने वाले 58 वर्षीय जगदीश प्रसाद ने बताया कि जैसे ही वे अपने कमरे में पहुंचे, अचानक पंखा हिलने लगा। पहले तो उन्हें लगा कि गलती से पंखे का बटन दब गया है, लेकिन जांच करने पर समझ आया कि यह भूकंप का हल्का झटका था। इसी तरह कई लोगों ने घरों और होटलों में हलचल महसूस की।

नींद खुलने पर समझ आया भूकंप आया है

कस्बे के स्थानीय निवासी और ज्वेलरी व्यवसायी विकास सोनी ने बताया कि वे गहरी नींद में थे, लेकिन अचानक ऐसा महसूस हुआ जैसे जमीन हिल रही हो। कुछ सेकंड बाद उन्हें समझ में आया कि यह भूकंप के झटके हैं। नगर पालिका में वरिष्ठ सहायक पद पर कार्यरत विजयपाल सिंह बाजिया ने जानकारी दी कि खाटूश्यामजी के साथ-साथ दातारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में भी हल्के झटके महसूस किए गए।

प्रशासन ने नुकसान से किया इनकार

उपखंड अधिकारी मोनिका सामौर ने बताया कि क्षेत्र में हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं, लेकिन खाटूश्यामजी सहित आसपास के इलाकों में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल किसी तरह की आपात स्थिति नहीं है।

भक्तों ने जताया बाबा श्याम पर भरोसा

भूकंप के झटकों के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। दिल्ली से आए श्रद्धालु राजेश ने कहा कि बाबा श्याम अपने भक्तों की रक्षा करते हैं और इस पावन धाम पर कोई आपदा नहीं आ सकती। हरियाणा से आए दीपक ने बताया कि रात में हल्का झटका महसूस होते ही वे होटल के बाहर निकल आए और बाबा श्याम के जयकारे लगाए, जिसके बाद मन को शांति मिली।

कुछ देर बाद सामान्य हुआ माहौल

स्थानीय दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने बताया कि हल्का झटका महसूस होने के बाद वे कुछ देर के लिए बाहर आए, लेकिन स्थिति सामान्य होने पर दोबारा अपने कमरों में लौट गए। एक दुकानदार ने कहा कि पहले उन्हें लगा चक्कर आया है, लेकिन बाद में पता चला कि यह भूकंप था। बाबा का नाम लेकर वे फिर सो गए। एकादशी के कारण मौजूद श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद माहौल कुछ ही समय में सामान्य हो गया।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading