latest-newsजयपुरदेशराजस्थान

जंतर-मंतर पर पहली बार फैशन शो, ऐतिहासिक धरोहर में रैम्पवॉक बना आकर्षण का केंद्र

जंतर-मंतर पर पहली बार फैशन शो, ऐतिहासिक धरोहर में रैम्पवॉक बना आकर्षण का केंद्र

शोभना शर्मा। जयपुर के विश्व धरोहर स्थल जंतर-मंतर में रविवार को इतिहास रच दिया गया, जब यहां पहली बार फैशन शो का आयोजन किया गया। ‘हेरिटेज डोर सीजन-2’ नाम से आयोजित इस विशेष फैशन शो में जंतर-मंतर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और आधुनिक फैशन का अनूठा संगम देखने को मिला। गुलाबी नगर की इस पहचान बने स्मारक पर रैम्पवॉक ने न केवल फैशन प्रेमियों को आकर्षित किया, बल्कि देश-विदेश से आए मेहमानों के लिए भी यह एक यादगार अनुभव बन गया।

इस भव्य आयोजन में बॉलीवुड अभिनेत्री डेजी शाह, अभिनेता शालीन भनोट और साहिल सलाथिया ने रैम्पवॉक किया। फैशन शो के दौरान मंत्री झाबर सिंह खर्रा और सांसद मंजू शर्मा की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ा दी। दर्शकों के बीच बैठे मंत्री झाबर सिंह खर्रा को मॉडल्स को कैमरे में कैद करते हुए भी देखा गया, जो इस आयोजन के प्रति उनकी रुचि को दर्शाता है।

इंटरनेशनल डिजाइनर्स के कलेक्शन

फैशन शो में इंटरनेशनल फैशन डिजाइनर वैशाली शादंगुले और सिद्धार्थ बंसल सहित कुल 10 नामी डिजाइनर्स ने अपने कलेक्शन प्रस्तुत किए। इन कलेक्शनों के जरिए फैशन इंडस्ट्री में हो रहे नए प्रयोगों और भारतीय कारीगरी की विविधता को दर्शाया गया। शो के दौरान जंतर-मंतर में स्थापित विभिन्न यंत्रों की ऐतिहासिक और वैज्ञानिक विशेषताओं की जानकारी भी ऑडियंस को दी गई, जिससे यह आयोजन केवल फैशन तक सीमित न रहकर सांस्कृतिक और शैक्षणिक अनुभव भी बना।

फिल्म ‘जय हो’ फेम अभिनेत्री डेजी शाह ने फिनाले शो में बतौर शो स्टॉपर रैम्पवॉक किया। उन्होंने डिजाइनर विशाल और प्रीति के कलेक्शन को प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं, बॉलीवुड अभिनेता शालीन भनोट ने भी बतौर शो स्टॉपर रैम्प पर वॉक किया। उन्होंने डिजाइनर दिग्विजय सिंह के कलेक्शन को प्रदर्शित किया और इस दौरान दर्शक उनके वीडियो बनाते नजर आए।

राजस्थानी कलेक्शन बना आकर्षण

शो में राजस्थानी ट्रेडिशनल राजपूती कलेक्शन भी खास आकर्षण का केंद्र रहा। जोधपुर की युवरागी ने बतौर शो स्टॉपर इस कलेक्शन को प्रस्तुत किया। यह कलेक्शन जोधपुर के एक दस्तकारी ब्रांड के लिए तैयार किया गया था, जिसमें पारंपरिक रंगों और डिजाइनों की झलक देखने को मिली।

डिजाइनर सिद्धार्थ बंसल के कलेक्शन में कामकाजी महिलाओं के व्यक्तित्व को कारीगरी के माध्यम से दर्शाया गया। इस कलेक्शन में मेटल एम्ब्रॉयडरी, डोरी एम्ब्रॉयडरी के साथ क्रेप, ऑर्गेंजा, सैटिन, शिफॉन, कॉटन, सिल्क चंदेरी जैसे फैब्रिक्स का प्रयोग किया गया।

80 मॉडल्स ने किया कैटवॉक

शो डायरेक्टर अभिमन्यु सिंह तोमर के निर्देशन में 10 अलग-अलग फैशन सीक्वेंस में करीब 80 मेल और फीमेल मॉडल्स ने कैटवॉक किया। महिला उद्यमी रिमी शेखावत ने भी शो स्टॉपर के रूप में रैम्पवॉक किया। यह कलेक्शन राजीविका की महिला दस्तकारों द्वारा तैयार किया गया था, जिसमें दस्तकारों ने भी मॉडल्स के साथ रैम्प पर वॉक कर अपनी कला को प्रस्तुत किया।

कलाकारों की प्रतिक्रिया

एक्टर साहिल सलाथिया ने कहा कि जंतर-मंतर जैसे ऐतिहासिक स्थल पर रैम्पवॉक करना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि डिजाइनर वैशाली शादंगुले पेरिस कुट्टूर शो में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जो पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

आयोजकों सोनाली खंडेलवाल, शिवाली गुप्ता और प्रिया दीवान ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जयपुर की सांस्कृतिक विरासत को फैशन के माध्यम से वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना है। जंतर-मंतर पर हुआ यह फैशन शो इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading