मनीषा शर्मा। राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने एक बार फिर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा सरकार अपने दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की तुलना कांग्रेस के पांच साल के शासन से करती है, लेकिन कांग्रेस इस पर कोई सीधा जवाब देने से बचती है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस से कामकाज का हिसाब मांगा जाता है तो वह इधर-उधर की बातें करने लगती है और अब ‘वोट चोरी’ जैसे आरोप लगाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर के जलमहल की पाल पर आयोजित राज्यस्तरीय स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास, उसकी कार्यशैली और वर्तमान स्थिति पर कड़े शब्दों में टिप्पणी की।
संसद से पंचायत तक थी कांग्रेस, अब जमीन पर आ गई
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि एक समय था जब कांग्रेस संसद से लेकर पंचायत तक मजबूत स्थिति में हुआ करती थी, लेकिन आज उसकी हालत किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने कर्मों, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण की राजनीति और झूठ-लूट की नीति के कारण खुद ही जमीन में धंस गई है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को “एक बीमारी” बताते हुए कहा कि यह जिस भी दल के साथ जाती है, उसे भी अपने साथ डुबो देती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब भी किसी प्रदेश में छोटे-छोटे दलों के साथ समझौता करती है, तो उस दल को भी नुकसान उठाना पड़ता है। कारण यह है कि कांग्रेस अपने आचरण और कार्यशैली पर ध्यान देने के बजाय केवल सत्ता की राजनीति करती है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि अभी तो कांग्रेस कहीं-कहीं दिखाई दे जाती है, लेकिन अगर यही हाल रहा तो भविष्य में उसका नामोनिशान भी नहीं बचेगा।
कचरे के ढेर में भी भ्रष्टाचार का आरोप
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई नई कहानी नहीं है, बल्कि कांग्रेस की भ्रष्टाचार की परंपरा पुरानी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर स्तर पर भ्रष्टाचार किया है। यहां तक कि कचरे के ढेर में भी पैसे खाने से पीछे नहीं रही। ऊपर से भी खाया, नीचे से भी खाया और जिस भी काम की जिम्मेदारी मिली, उसमें ईमानदारी की जगह केवल भ्रष्टाचार किया।
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के बीच रहकर काम करती है और जनता के पैसे को जनता के हित में लगाने का संकल्प रखती है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश और देश की जनता जागरूक हो चुकी है और कांग्रेस का भ्रष्टाचार अब चलने वाला नहीं है।
5 साल बनाम 2 साल का अंतर नहीं दिखता
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस यह कहती है कि उसे कोई अंतर दिखाई नहीं दे रहा है, लेकिन उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस को यह नहीं दिखता कि भाजपा सरकार ने वह काम दो साल में कर दिए, जो कांग्रेस पांच साल में भी नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा पूरा कर लिया है और हर योजना को स्पष्ट रोडमैप के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में लगातार पेपर लीक होते रहे, जिससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ। जबकि भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। इसके बावजूद कांग्रेस को यह अंतर दिखाई नहीं देता।
भ्रष्टाचार करने वालों को नहीं बख्शेंगे
सीएम भजनलाल शर्मा ने दो टूक कहा कि जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, उसे किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह जनता का पैसा है और इसका इस्तेमाल जनता के हित में होना चाहिए, न कि लूट के लिए। यह पैसा गरीब, मजदूर, किसान और आमजन के विकास में लगे, यही सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने जनता के पैसे को कहां-कहां खर्च किया, इसका खामियाजा अब उसे भुगतना पड़ रहा है और आगे भी भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संदेश है कि “ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा” और अगर किसी ने खाया है तो उससे वापस भी निकलवाया जाएगा।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दावा किया कि राजस्थान में भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र में पिछले 11 सालों में भी कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनता सच्चाई जान चुकी है और आने वाले समय में भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को पूरी तरह नकार देगी।


