मनीषा शर्मा। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को जयपुर स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन की पूरी कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और फॉलो-अप सिस्टम को बारीकी से देखा। सीएम ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि हर तरह की जन शिकायत का त्वरित और पारदर्शी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने खुद कई फोन कॉल अटेंड किए और आम जनता की समस्याओं को सीधे सुना। उनके इस कदम से कार्यस्थल पर मौजूद अधिकारी भी सतर्क दिखे और शिकायतों के तुरंत समाधान की प्रक्रिया तेज कर दी गई।
सीएम ने सीधे फरियादियों से जुड़कर किया समाधान
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल दो शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे जुड़े। पहली शिकायत नवलगढ़ (झुंझुनू) के सुधीर की थी, जिन्होंने बताया कि उनके इलाके में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही सड़क के बीच एक पोल खड़ा है, जिससे लोगों की आवाजाही कठिन हो गई है।
सीएम ने तुरंत जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश देकर कलेक्टर से संपर्क करवाया और कुछ ही देर में पोल हटवा दिया गया।
दूसरी शिकायत कोटपूतली-बहरोड़ के नेमीचंद की थी। उन्होंने बताया कि वार्ड 29 में नाले की सफाई नहीं होने से सड़क पर गंदा पानी जमा है, जिससे आवागमन और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए और थोड़ी ही देर बाद नाले की सफाई करवाई गई।
दोनों शिकायतकर्ताओं ने फोन पर सीएम से बात करने के बाद तत्काल राहत मिलने पर संतोष जताया।
शिकायतों की मॉनिटरिंग को और मजबूत करने का निर्देश
हेल्पलाइन टीम ने मुख्यमंत्री को बताया कि किस तरह शिकायतें दर्ज होती हैं और उनका फॉलो-अप किया जाता है। सीएम भजनलाल शर्मा ने यह स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जनसेवा है और हर शिकायत का समयबद्ध निपटारा अनिवार्य है।
उन्होंने निर्देश दिए कि—
शिकायतों की मॉनिटरिंग को और मजबूत किया जाए
लंबे समय तक लंबित रहने वाली शिकायतों की नियमित समीक्षा हो
संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का फॉलो-अप तेज किया जाए
हर शिकायतकर्ता को समय पर समाधान की जानकारी मिले
मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील, जिम्मेदार और पारदर्शी शासन ही जनता का भरोसा बढ़ाता है, इसलिए हर अधिकारी को इस दिशा में सक्रिय रहना चाहिए।
सीएम ने खुद कई कॉल अटेंड कर समझा सिस्टम
प्रक्रिया को और गहराई से जानने के लिए मुख्यमंत्री ने स्वयं कई कॉल रिसीव किए और हर शिकायत को इसी दौरान प्राथमिक स्तर पर निपटाने का प्रयास किया। इससे न सिर्फ अधिकारियों में जवाबदेही बढ़ी बल्कि शिकायतकर्ताओं को तुरंत समाधान भी मिला।
सीएम ने कहा कि 181 हेल्पलाइन जनता और सरकार को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए इसे तेजी, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ संचालित किया जाना चाहिए।


