शोभना शर्मा। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित ग्राम विकास अधिकारी (VDO) और पटवारी भर्ती परीक्षाओं के परिणामों का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत वाली खबर सामने आई है। बोर्ड ने दोनों ही महत्वपूर्ण परीक्षाओं के परिणाम जारी करने की संभावित तिथियों को सार्वजनिक किया है। परीक्षाओं में शामिल हुए अभ्यर्थी लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे, जिसके बीच बोर्ड की ओर से यह आधिकारिक अपडेट बेहद अहम मानी जा रही है।
VDO का परिणाम 20 दिसंबर तक आने की संभावना
राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भर्ती परीक्षा 2025 का आयोजन 2 नवंबर 2025 को राज्यभर में करवाया गया था। परीक्षा में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था और अब सभी की नजरें परिणाम जारी होने पर टिकी हैं। चयन बोर्ड ने संकेत दिए हैं कि VDO परीक्षा परिणाम 20 दिसंबर 2025 तक जारी करने का प्रयास किया जाएगा। बोर्ड की ओर से उत्तर-पुस्तिकाओं की जांच प्रक्रिया तेज गति से जारी है ताकि अभ्यर्थियों को समय पर परिणाम उपलब्ध कराया जा सके।
VDO परीक्षा ग्रामीण विकास क्षेत्र से संबंधित एक महत्वपूर्ण भर्ती मानी जाती है और हर वर्ष लाखों युवा इसमें भाग लेते हैं। इस बार भी परीक्षा में अभूतपूर्व प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
पटवारी परीक्षा का परिणाम 10 दिसंबर तक जारी होने की संभावना
राजस्थान पटवारी भर्ती परीक्षा में लगभग 6.76 लाख उम्मीदवारों ने भाग लिया था। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि पटवारी का परिणाम दीपावली के बाद ही घोषित किया जाएगा। अब नवीनतम जानकारी के अनुसार, पटवारी भर्ती परिणाम 10 दिसंबर 2025 तक जारी कर दिया जाएगा।
बोर्ड फिलहाल अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज की गई आपत्तियों की जांच प्रक्रिया में व्यस्त है। आपत्ति निपटान पूरा होने के बाद परीक्षा के अंकों में नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया लागू की जाएगी। इसके बाद अंतिम परिणाम तैयार किया जाएगा और मेरिट लिस्ट जारी होगी।
दोनों परीक्षाओं के परिणाम ऑनलाइन जारी किए जाएंगे
VDO और पटवारी दोनों भर्ती परीक्षाओं के परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन जारी होंगे। उम्मीदवार अपने रोल नंबर और लॉगिन विवरण दर्ज कर परिणाम डाउनलोड कर सकेंगे। साथ ही बोर्ड द्वारा श्रेणीवार कट-ऑफ अंक, मेरिट लिस्ट, और योग्यता अंक भी अलग से जारी किए जाएंगे।


