राजधानी जयपुर के लिए एक बड़ी राहतभरी खबर सामने आई है। अजमेर रोड पर स्थित पुरानी चुंगी क्षेत्र में नया अंडरपास बनाया जाएगा, जिससे प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। अजमेर रोड पर डीसीएम से सोडाला तक का रास्ता शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है और यहां ट्रैफिक लोड लगातार बढ़ने से वाहन चालकों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जेडीए (जयपुर विकास प्राधिकरण) द्वारा प्रस्तावित इस अंडरपास प्रोजेक्ट को गुरुवार को हुई पब्लिक वर्क्स कमेटी (पीडब्ल्यूसी) की बैठक में मंजूरी दे दी गई। अधिकारियों का कहना है कि अंडरपास का निर्माण कार्य अगले वर्ष मार्च से शुरू होने की संभावना है।
कैसा होगा अंडरपास का मार्ग?
जेडीए अधिकारियों के अनुसार अंडरपास की शुरुआत पुरानी चुंगी के पास स्थित मजार क्षेत्र से होगी। यहां से वाहन सीधे अंदर प्रवेश करेंगे और द्रव्यवती नदी से लगभग 70 मीटर पहले बाहर निकलकर सोडाला की ओर बढ़ सकेंगे। इस व्यवस्था से मौजूदा मार्ग पर दबाव कम होगा और ट्रैफिक का प्रवाह सुचारू बनेगा।
इसके अलावा पीसीवी कर्नल होशियार सिंह मार्ग (क्वींस रोड) से सोडाला की ओर जाने वाला मौजूदा ट्रैफिक ज्यों का त्यों चलता रहेगा। इसके लिए एक अलग स्लिप लेन का निर्माण भी किया जाएगा ताकि वाहन बिना रुकावट अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
60 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी
पीडब्ल्यूसी की बैठक में अंडरपास के अलावा 60 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी गई।
मुख्य स्वीकृतियां इस प्रकार हैं—
जगतपुरा सेंट्रल स्पाइन (जी ब्लॉक) के विकास कार्यों के लिए 9.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
जोन-12ए चौमूं क्षेत्र में सड़कों के नवीनीकरण पर 4.38 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।
मुहाना मंडी गेट नंबर 2 के पास 160 फीट सेक्टर रोड पुल निर्माण कार्य के लिए 5.31 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए।
नगर निगम सीमा क्षेत्र के बाहर स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइटों की मरम्मत व रखरखाव के लिए 3.09 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया।
जविप्रा की अमृत कुंज योजना में बचे हुए भूखंडधारियों को अमृत कुंज-2 योजना में रिप्लानिंग के तहत शामिल करने का निर्णय लिया गया।
जोन-10 में लांगड़ियावास रिसोर्ट योजना फेज-1 के विकास कार्यों के लिए 9.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।


