शोभना शर्मा। दिल्ली सोमवार की शाम एक भीषण धमाके से दहल उठी। राजधानी के ऐतिहासिक लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में अचानक बड़ा विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन जलकर खाक हो गए और आसपास खड़े लोगों के शरीर के हिस्से कई मीटर दूर तक बिखर गए। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और राहत-बचाव कार्य जारी है।
धमाके के बाद मचा हड़कंप
घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे हुई, जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के आसपास रोज की तरह भारी भीड़ मौजूद थी। यह इलाका दिल्ली के सबसे व्यस्त पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां बड़ी संख्या में लोग रोजाना घूमने या काम से आते हैं।
धमाका इतना जबर्दस्त था कि आसपास की कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए, और कुछ वाहनों में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके के बाद सड़क पर धुआं छा गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
धमाके की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस ने पूरे इलाके को किया सील
घटना के बाद दिल्ली पुलिस, एनएसजी और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरा एरिया कॉर्डन ऑफ कर दिया गया है और आसपास की गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई है।
घटनास्थल पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से इलाके से दूर रहने की अपील की है और संभावित दूसरे विस्फोट की आशंका को ध्यान में रखते हुए तलाशी अभियान जारी है।
घायलों को नजदीकी लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल और अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
शवों के अवशेष एकत्रित कर जांच शुरू
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई शवों के अवशेष सड़क पर बिखर गए। पुलिस ने पॉलिथीन बैग में शवों के चीथड़े भरकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं।
एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और मलबे से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
प्राथमिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार में धमाका सिलिंडर ब्लास्ट था या किसी विस्फोटक पदार्थ के कारण हुआ।
घटना स्थल पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर
दिल्ली पुलिस आयुक्त ने कहा कि घटना की जांच एंटी-टेरर यूनिट (स्पेशल सेल) द्वारा की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं ताकि धमाके से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
एनएसजी और फायर ब्रिगेड के जवानों ने घटनास्थल पर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के होटलों, पार्किंग स्थलों और फुटपाथों की तलाशी भी ली है।
संभावित साजिश की जांच जारी
हालांकि अभी तक विस्फोट के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में आतंकी साजिश की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
राजधानी में सुरक्षा को देखते हुए आईजीआई एयरपोर्ट, इंडिया गेट, जामा मस्जिद और राजपथ जैसे प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


