शोभना शर्मा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सत्र 2025-26 के लिए 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की फाइनल डेटशीट जारी कर दी है। इस बार बोर्ड ने एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए परीक्षा की तिथियां 110 दिन पहले घोषित की हैं, जिससे विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। यह पहली बार है जब सीबीएसई ने इतनी पहले परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है।
सीबीएसई के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी 2026 से शुरू होकर 10 मार्च 2026 तक चलेगी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगी। परीक्षा का समय प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा। हालांकि, कुछ विषयों की परीक्षा 12:30 बजे तक ही संपन्न होगी।
परीक्षा तिथियों में किए गए बदलाव
सीबीएसई ने इस बार कई विषयों की परीक्षा तिथियों में परिवर्तन किए हैं। कक्षा 10वीं में पहले 26 फरवरी को प्रस्तावित गृह विज्ञान (होम साइंस) की परीक्षा अब 18 फरवरी को आयोजित की जाएगी।
वहीं कक्षा 12वीं के लिए भी कई बदलाव किए गए हैं।
17 फरवरी को बायोटेक्नोलॉजी, आन्त्रप्रन्योरशिप और शॉर्टहैंड की परीक्षा होगी।
पहले 21 फरवरी को प्रस्तावित बिजनेस स्टडीज और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की जगह अब ऑटोमोटिव और फैशन स्टडीज की परीक्षा होगी।
इसके अलावा, 23, 24, 25 फरवरी तथा 5, 6, 7, 17, 24 और 28 मार्च की तिथियों में भी आवश्यक संशोधन किया गया है।
इन बदलावों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षाओं के बीच पर्याप्त गैप रहे ताकि छात्रों को पुनरावृत्ति और तैयारी का पूरा अवसर मिले।
विद्यार्थियों की सुविधा का रखा गया ध्यान
सीबीएसई ने इस वर्ष परीक्षा शेड्यूल तैयार करते समय छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता दी है। दोनों कक्षाओं के लिए आम तौर पर चुने जाने वाले विषयों के बीच पर्याप्त अंतर रखा गया है। इससे विद्यार्थियों को विषयवार तैयारी करने और तनाव से मुक्त होकर परीक्षा देने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, सीबीएसई ने जेईई (मेन) जैसी प्रवेश परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बोर्ड परीक्षाओं की तिथियां तय की हैं ताकि किसी प्रकार का टकराव न हो। इससे विद्यार्थियों को बोर्ड और प्रतियोगी परीक्षाओं दोनों के लिए संतुलित तैयारी का मौका मिलेगा।
राजस्थान के छात्रों में खुशी का माहौल
राजस्थान के विभिन्न जिलों में सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के छात्रों ने इस फैसले का स्वागत किया है। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा जैसे शहरों में छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि इस बार परीक्षा की तिथियां पहले जारी होने से तनाव कम होगा और वे बेहतर योजना के साथ तैयारी कर सकेंगे।
शिक्षकों ने भी इस निर्णय को सराहा है। उनका कहना है कि 110 दिन पहले डेटशीट आने से छात्रों की तैयारी रणनीति अधिक प्रभावी बनेगी और स्कूलों को रिवीजन टेस्ट और प्रैक्टिकल्स के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
CBSC का नया निर्देश
इस वर्ष सीबीएसई ने जेईई मेन 2026 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों से आवेदन पत्र में 11वीं कक्षा की जानकारी भी अनिवार्य रूप से देने को कहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में बोर्ड परीक्षा और प्रवेश परीक्षाओं की तिथियों में कोई टकराव न हो।


