मनीषा शर्मा। राजस्थान सरकार ने वर्ष 2026 के लिए सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टियों का कैलेंडर घोषित कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस कैलेंडर में कुल 31 सार्वजनिक और 19 ऐच्छिक छुट्टियां निर्धारित की गई हैं। इनमें से ऐच्छिक छुट्टियों में केवल दो दिन की छुट्टी ही ली जा सकेगी। इस बार छुट्टियों का ऐसा संयोजन हुआ है कि कई हफ्तों में सरकारी कर्मचारियों को लगातार तीन-तीन दिन का अवकाश मिलेगा, जिससे कर्मचारी परिवार के साथ लंबा वीकेंड एंजॉय कर सकेंगे।
31 सार्वजनिक और 19 ऐच्छिक छुट्टियां
जारी किए गए कैलेंडर के अनुसार वर्ष 2026 में कुल 31 सार्वजनिक अवकाश और 19 ऐच्छिक अवकाश होंगे। हालांकि इनमें से कई अवकाश शनिवार और रविवार को पड़ने के कारण कर्मचारियों को वास्तविक रूप से कुछ छुट्टियां कम मिलेंगी। ऐच्छिक अवकाशों में से हर कर्मचारी अधिकतम दो दिन की छुट्टी ले सकता है। इसके अलावा, प्रत्येक जिले में जिला कलेक्टर को दो अतिरिक्त अवकाश घोषित करने का अधिकार भी दिया गया है, जो स्थानीय पर्व या विशेष अवसरों पर निर्धारित किए जाएंगे।
लगातार तीन दिन की छुट्टियों वाले 12 सप्ताह
कैलेंडर के अनुसार 2026 में 12 सप्ताह ऐसे होंगे, जिनमें कर्मचारियों को लगातार तीन दिन की छुट्टी मिलेगी। इसमें 7 सप्ताह में शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश है, जिससे शनिवार और रविवार की छुट्टी जुड़ जाएगी। वहीं 5 सप्ताह ऐसे होंगे, जिनमें शनिवार और रविवार के बाद सोमवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा, जिससे तीन दिन का लंबा अवकाश सुनिश्चित होगा।
सोमवार को 5 सार्वजनिक छुट्टियां
कैलेंडर में 5 सोमवार को सार्वजनिक छुट्टियां रखी गई हैं, जिनसे पांच हफ्तों में कर्मचारियों को तीन-तीन दिन की छुट्टी मिलेगी।
26 जनवरी (गणतंत्र दिवस)
2 मार्च (होलिका दहन)
21 सितंबर (रामदेव जयंती और तेजा दशमी)
19 अक्टूबर (दुर्गाष्टमी)
9 नवंबर (गोवर्धन पूजा)
इन अवकाशों के कारण इन सप्ताहों में कर्मचारियों को शनिवार, रविवार और सोमवार को अवकाश मिलेगा।
रविवार को पड़ने से घटे 6 अवकाश
कई बड़े त्यौहार रविवार को पड़ने से कर्मचारियों को वास्तविक रूप से छुट्टियां कम मिलेंगी। इनमें प्रमुख अवकाश हैं:
25 जनवरी (देवनारायण जयंती)
15 फरवरी (महाशिवरात्रि)
19 अप्रैल (परशुराम जयंती)
9 अगस्त (विश्व आदिवासी दिवस)
11 अक्टूबर (नवरात्र स्थापना)
8 नवंबर (दीपावली)
इन सभी त्यौहारों के रविवार को पड़ने के कारण ये अवकाश साप्ताहिक अवकाश में ही समा जाएंगे और अलग से छुट्टी का लाभ नहीं मिल पाएगा।
शनिवार को पड़ने वाले अवकाश
तीन सार्वजनिक अवकाश शनिवार को पड़ रहे हैं। इनमें शामिल हैं:
21 मार्च (इदुलफितर)
11 अप्रैल (महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती)
15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस)
शनिवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण इन अवकाशों का भी कर्मचारियों को अलग से लाभ नहीं मिलेगा।
बैंक कर्मचारियों के लिए अलग कैलेंडर
सरकारी कर्मचारियों के अलावा बैंक कर्मचारियों के लिए राजस्थान सरकार का वित्त विभाग अलग से छुट्टियों का कैलेंडर जारी करेगा। इसमें बैंकों के राष्ट्रीय अवकाश और अन्य विशेष छुट्टियों का उल्लेख होगा।
स्थानीय स्तर पर दो अतिरिक्त अवकाश
राज्य सरकार ने जिला कलेक्टरों को यह अधिकार दिया है कि वे अपने जिले में वर्ष में दो अतिरिक्त अवकाश घोषित कर सकते हैं। ये अवकाश स्थानीय पर्व या विशिष्ट धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के आधार पर होंगे।कम छुट्टियों के बावजूद मिलेगा लंबा वीकेंड
त्योहारों के कई अवकाश शनिवार या रविवार को पड़ने के कारण इस बार सरकारी कर्मचारियों को कुल छुट्टियों की संख्या थोड़ी कम मिलेगी, लेकिन कैलेंडर का संयोजन ऐसा है कि कई हफ्तों में तीन दिन का वीकेंड मिलेगा। इससे कर्मचारी अपने परिवार के साथ यात्रा, तीर्थ या अन्य गतिविधियों के लिए समय निकाल सकेंगे।