latest-newsअजमेरजयपुरराजस्थान

राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा 2025 कल से

राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा 2025 कल से

शोभना शर्मा। राजस्थान में लाखों युवाओं के सपनों को पंख देने वाली सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक का आयोजन कल से होने जा रहा है। प्रदेश में चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा 19 सितंबर से 21 सितंबर 2025 तक आयोजित होगी। इस परीक्षा में कुल 53 हजार 749 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए 24 लाख 75 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है।

परीक्षा केंद्र और व्यवस्था

भर्ती परीक्षा के लिए प्रदेश के 38 जिलों में 1300 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। राजधानी जयपुर में सबसे ज्यादा दबाव है, जहां 200 परीक्षा केंद्रों पर 4.5 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा तीन दिनों तक रोजाना दो पारियों में होगी — पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक।

प्रवेश नियम और सुरक्षा व्यवस्था

परीक्षा को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र के गेट परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले ही बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही बायोमेट्रिक और फेस स्कैनिंग अनिवार्य की गई है।
परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना जरूरी होगा। अभ्यर्थी केवल नीले रंग का पारदर्शी बॉल पेन ही अंदर ले जा सकेंगे।

प्रश्नपत्र और OMR शीट

परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र घर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, वे अपनी OMR शीट की कार्बन कॉपी अपने पास रख सकेंगे। सभी प्रश्नपत्र परीक्षा खत्म होने के 24 घंटे के भीतर भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।

मुफ्त रोडवेज यात्रा

सरकार ने अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए रोडवेज में 7 दिन तक निशुल्क यात्रा सुविधा देने का फैसला किया है। यह सुविधा परीक्षा शुरू होने से 2 दिन पहले यानी 17 सितंबर से लेकर परीक्षा खत्म होने के 2 दिन बाद यानी 23 सितंबर तक लागू रहेगी। रोडवेज ने अतिरिक्त बसें भी चलाने की घोषणा की है, जिससे दूर-दराज के अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी।

रेलवे की विशेष व्यवस्था

रोडवेज के अलावा रेलवे ने भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की आवाजाही को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें 18 से 21 सितंबर तक विभिन्न रूट्स पर चलाई जाएंगी। इनमें बांदीकुई-जयपुर, श्रीगंगानगर-जयपुर, हिसार-जयपुर, जयपुर-सवाई माधोपुर, अजमेर-जयपुर, बाड़मेर-जोधपुर, श्रीगंगानगर-लालगढ़, सादुलपुर-बीकानेर और उदयपुर-अजमेर मार्ग शामिल हैं। इसके साथ ही जोधपुर-जयपुर मार्ग पर 3 विशेष ट्रिप चलाई जाएंगी।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading