latest-newsअजमेरराजस्थान

राजस्थान RAS-2023 मुख्य परीक्षा के 8वें चरण के इंटरव्यू शुरू

राजस्थान RAS-2023 मुख्य परीक्षा के 8वें चरण के इंटरव्यू शुरू

मनीषा शर्मा, अजमेर।  राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2023 (RAS Mains Exam 2023) के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया के 8वें चरण की शुरुआत कर दी है। आयोग की ओर से यह इंटरव्यू सोमवार से शुरू होकर 18 सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे। जिन उम्मीदवारों का चयन इस चरण में हुआ है, उनके इंटरव्यू लेटर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर पहले ही अपलोड कर दिए गए हैं। उम्मीदवारों को आयोग की वेबसाइट पर जाकर लॉगिन कर इंटरव्यू लेटर डाउनलोड करना होगा और निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में उपस्थित होना होगा।

इंटरव्यू प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज

साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आयोग के नियमों के अनुसार अपने ऑनलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन पत्र, अटेस्टेशन फार्म तथा सेवा प्राथमिकता क्रम की दो प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। साथ ही सभी मूल दस्तावेजों की प्रति लेकर आयोग में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि उम्मीदवारों को इंटरव्यू लेटर डाक या किसी भी ऑफलाइन माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे और न ही ऑफलाइन विस्तृत आवेदन पत्र या सेवा प्राथमिकता क्रम स्वीकार किया जाएगा।

इंटरव्यू प्रक्रिया का अब तक का सफर

गौरतलब है कि आरएएस-2023 भर्ती के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया 21 अप्रैल 2025 से शुरू की गई थी। इसके बाद लगातार चरणबद्ध तरीके से साक्षात्कार आयोजित किए गए। हाल ही में 7वें चरण के इंटरव्यू 21 अगस्त 2025 को समाप्त हुए थे। अब 8वें चरण की शुरुआत हो चुकी है, जो 18 सितंबर तक चलेगा।

भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा का सफर

इस भर्ती का विज्ञापन आयोग ने 28 जून 2023 को जारी किया था। शुरुआती तौर पर कुल 905 पदों (राज्य सेवा के 424 और अधीनस्थ सेवा के 481 पद) पर आवेदन मांगे गए थे। बाद में पदों की संख्या बढ़ाकर 972 कर दी गई, जिसमें राज्य सेवा के 491 और अधीनस्थ सेवा के 481 पद शामिल थे।

इस परीक्षा के लिए 6,96,969 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 4,57,927 अभ्यर्थी 1 अक्टूबर 2023 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए। आपत्तियों के निस्तारण के बाद आयोग ने 20 अक्टूबर 2023 को आरएएस प्री परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इसमें सफल रहे 19,355 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिला।

मुख्य परीक्षा का आयोजन 20 और 21 जुलाई 2024 को किया गया। इसके परिणाम आयोग ने 2 जनवरी 2025 को घोषित किए थे। इस परीक्षा में 2,168 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए अस्थायी रूप से सफल घोषित किया गया। इसमें 2 उम्मीदवारों के रिजल्ट सील कवर में रखे गए, 20 का परिणाम निरस्त कर दिया गया और 3 अभ्यर्थियों का परिणाम प्रशासनिक कारणों से होल्ड किया गया।

RAS-2024 भर्ती और रिजल्ट का इंतजार

आरएएस-2023 भर्ती प्रक्रिया जहां अपने अंतिम चरण में है, वहीं अभ्यर्थियों की निगाहें अब RAS-2024 भर्ती पर टिकी हैं। आयोग ने RAS-2024 के लिए 733 पदों पर विज्ञापन जारी किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 1,096 पद कर दिया गया। इसमें राज्य सेवा के 428 और अधीनस्थ सेवा के 668 पद शामिल हैं।

RAS Pre 2024 परीक्षा 2 फरवरी 2025 को आयोजित की गई थी। इसमें शामिल 3,75,657 उम्मीदवारों में से 21,539 अभ्यर्थी पास हुए। इसके बाद मुख्य परीक्षा 17 और 18 जून 2025 को अजमेर और जयपुर में 77 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई गई। परीक्षा के पहले दिन सामान्य अध्ययन पेपर-1 में 84.44% और पेपर-2 में 83.78% अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। अब सभी उम्मीदवार आयोग से मुख्य परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading