मनीषा शर्मा। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2023 (RAS-2023) अब अंतिम दौर की ओर बढ़ रही है। आयोग ने घोषणा की है कि भर्ती प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू का 8वां चरण 25 अगस्त 2025 से शुरू होगा। यह दौर 18 सितम्बर 2025 तक चलेगा। इससे पहले वर्तमान में चल रहे 7वें चरण के इंटरव्यू 21 अगस्त को पूरे हो जाएंगे।
आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, साक्षात्कार में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को ऑनलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन पत्र, अटेस्टेशन फार्म, सेवा प्राथमिकता क्रम की दो प्रतियां और सभी संलग्नक दस्तावेजों की स्वहस्ताक्षरित प्रतियां (मूल दस्तावेजों सहित) साथ लानी होंगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑफलाइन माध्यम से साक्षात्कार पत्र नहीं भेजे जाएंगे और न ही ऑफलाइन आवेदन पत्र या प्राथमिकता क्रम स्वीकार किए जाएंगे।
भर्ती की शुरुआत और बढ़ी हुई पदों की संख्या
आरएएस-2023 भर्ती का विज्ञापन आयोग ने 28 जून 2023 को जारी किया था। शुरू में इस भर्ती के लिए 905 पद घोषित किए गए थे, जिनमें 424 पद राज्य सेवाओं के लिए और 481 पद अधीनस्थ सेवाओं के लिए थे। लेकिन बाद में पदों की संख्या बढ़ाकर 972 कर दी गई, जिनमें राज्य सेवा के 491 और अधीनस्थ सेवा के 481 पद शामिल किए गए।
इस भर्ती के लिए कुल 6 लाख 96 हजार 969 उम्मीदवारों ने आवेदन किया। प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 1 अक्टूबर 2023 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया था। इस परीक्षा में 4 लाख 57 हजार 927 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। आपत्तियों के परीक्षण के बाद आयोग ने 20 अक्टूबर 2023 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया।
मुख्य परीक्षा और चयन की प्रक्रिया
आरएएस-2023 प्रीलिम्स परीक्षा में सफल रहे 19,355 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया। यह मुख्य परीक्षा 20 और 21 जुलाई 2024 को आयोजित की गई थी। दोनों ही दिन परीक्षाएं राज्य के विभिन्न केंद्रों पर सफलतापूर्वक आयोजित हुईं। मुख्य परीक्षा का परिणाम 2 जनवरी 2025 को घोषित किया गया। इसमें 2,168 उम्मीदवारों को अस्थायी रूप से साक्षात्कार के लिए चुना गया। हालांकि, इनमें से दो अभ्यर्थियों का परिणाम शील्ड कवर में रखा गया, 20 उम्मीदवारों का परिणाम निरस्त किया गया और तीन उम्मीदवारों का परिणाम प्रशासनिक कारणों से होल्ड कर दिया गया।
इंटरव्यू का महत्व
इंटरव्यू प्रक्रिया आरएएस जैसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा का अंतिम और निर्णायक चरण होता है। उम्मीदवारों के व्यक्तित्व, ज्ञान और प्रशासनिक दृष्टिकोण का आकलन इसी चरण में किया जाता है। आयोग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर मूल दस्तावेजों सहित उपस्थित होना अनिवार्य है।
आरएएस-2024 भर्ती और रिजल्ट का इंतजार
इसी बीच राजस्थान लोक सेवा आयोग ने आरएएस-2024 भर्ती भी शुरू कर दी है। शुरुआत में इस भर्ती के लिए 733 पद घोषित किए गए थे, जिन्हें बाद में बढ़ाकर 1,096 कर दिया गया। इनमें 428 पद राज्य सेवाओं के और 668 पद अधीनस्थ सेवाओं के हैं।
आरएएस-2024 प्री परीक्षा का आयोजन 2 फरवरी 2025 को किया गया था। इसमें 3 लाख 75 हजार 657 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 21,539 उम्मीदवार पास हुए। इसके बाद मुख्य परीक्षा 17 और 18 जून 2025 को आयोजित की गई। यह परीक्षा अजमेर और जयपुर में कुल 77 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। पहले दिन सामान्य अध्ययन (पेपर-1) में 84.44 प्रतिशत और पेपर-2 में 83.78 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।


