शोभना शर्मा। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित होने वाली एनालिस्ट कम प्रोग्रामर/उप निदेशक परीक्षा-2024 की तारीख तय कर दी गई है। यह परीक्षा आगामी 20 अगस्त 2025 को अजमेर जिला मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी। आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने जानकारी दी कि परीक्षा दो सत्रों में होगी—सुबह 10 बजे से 12 बजे तक प्रथम प्रश्नपत्र और दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक द्वितीय प्रश्नपत्र का आयोजन किया जाएगा।
परीक्षा में अतिरिक्त समय और प्रवेश पत्र
इस परीक्षा में प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए अभ्यर्थियों को ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने हेतु 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी मिलेगा। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 17 अगस्त 2025 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट http://rpsc.rajasthan.gov.in और एसएसओ पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी आवेदन-पत्र क्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ‘एडमिट कार्ड’ लिंक के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा, एसएसओ पोर्टल में लॉगिन करने के बाद ‘सिटीजन ऐप्स’ में उपलब्ध ‘रिक्रूटमेंट पोर्टल’ लिंक से भी एडमिट कार्ड प्राप्त किया जा सकता है।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश का समय
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा शुरू होने से केवल 60 मिनट पहले तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा दिवस पर समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें ताकि सुरक्षा जांच और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। देर से आने पर तलाशी में लगने वाले समय के कारण परीक्षा में शामिल होने से वंचित होना पड़ सकता है।
पहचान पत्र की अनिवार्यता
परीक्षा में प्रवेश के लिए फोटो सहित पहचान पत्र अनिवार्य है। उम्मीदवारों को मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) लेकर आना होगा। यदि आधार कार्ड पर लगी फोटो पुरानी या अस्पष्ट है, तो उम्मीदवार को अन्य मूल फोटो युक्त पहचान पत्र—जैसे मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस—जिसमें नवीनतम और स्पष्ट रंगीन फोटो हो, साथ लाना आवश्यक होगा। साथ ही प्रवेश पत्र पर भी नवीनतम रंगीन फोटो चिपकाना अनिवार्य है। स्पष्ट फोटोयुक्त पहचान पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
अनुचित साधनों पर सख्ती
आयोग ने उम्मीदवारों को सचेत किया है कि वे किसी भी दलाल, मीडिएटर, समाजकंटक या अपराधी के बहकावे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगता है या किसी प्रकार का प्रलोभन देता है, तो अभ्यर्थी को ऐसे मामलों की सूचना प्रमाण सहित जांच एजेंसी और आयोग के कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 एवं 2635255 पर देनी चाहिए।
राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के उपाय) अधिनियम, 2022 के प्रावधानों के अनुसार, परीक्षा में अनुचित साधन अपनाने या किसी अनुचित कृत्य में शामिल पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत दोषी पाए गए व्यक्ति को आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और चल-अचल संपत्ति की कुर्की एवं जब्ती का दंड दिया जा सकता है।
परीक्षा की गंभीरता और उम्मीदवारों की जिम्मेदारी
यह परीक्षा राज्य स्तरीय महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाओं में से एक है, जिसमें चयनित उम्मीदवारों को तकनीकी और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। इसलिए परीक्षा के आयोजन में किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को न केवल परीक्षा के दिन समय पर और नियमों के अनुसार उपस्थित रहना होगा, बल्कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और ईमानदारी बनाए रखना होगी।


