latest-newsजयपुरराजस्थान

पटवारी भर्ती परीक्षा: रोडवेज बसों में 5 दिन फ्री सफर

पटवारी भर्ती परीक्षा: रोडवेज बसों में 5 दिन फ्री सफर

शोभना शर्मा।  राजस्थान में पटवारी भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा का ऐलान किया गया है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) ने घोषणा की है कि परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को साधारण और एक्सप्रेस बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा 15 अगस्त की रात 12 बजे से शुरू होकर 19 अगस्त की रात 11:59 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इसका सीधा लाभ उन परीक्षार्थियों को मिलेगा जो राज्य के विभिन्न जिलों से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए रोडवेज बसों का उपयोग करेंगे।

निगम की अध्यक्ष शुभ्रा सिंह ने बताया कि इस बार परीक्षा में 6,76,009 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा का आयोजन 38 जिलों के परीक्षा केंद्रों पर दो पारी में होगा। पहली पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। बढ़े हुए यात्री भार को देखते हुए राजस्थान रोडवेज ने 595 अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्णय लिया है। ये बसें विभिन्न डिपो से चलेंगी और इनका संचालन इस तरह किया जाएगा कि परीक्षार्थियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।

इसके साथ ही, निगम ने अतिरिक्त बसों में ऑनलाइन रिजर्वेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। शुभ्रा सिंह ने बताया कि सभी जोनल मैनेजरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ डिपो के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा के दिन और उससे पहले-पश्चात पर्याप्त बसें और स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके लिए डिपो में उपलब्ध सभी संसाधनों जैसे अनाउंसमेंट सिस्टम, बुकिंग विंडो और अतिरिक्त स्टाफ का पूरा उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निशुल्क यात्रा की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

राजस्थान में इस बार पटवारी भर्ती के माध्यम से कुल 3705 रिक्त पदों को भरा जाएगा। यह भर्ती परीक्षा लंबे समय से अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा में थी, और अब इसके लिए राज्य सरकार एवं परिवहन विभाग ने मिलकर यात्रा व्यवस्था को सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया है।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading