मनीषा शर्मा, अजमेर । राजस्थान सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के अंतर्गत अजमेर से रामेश्वरम के लिए विशेष ट्रेन को रवाना किया गया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़ ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को विदा किया। इस ट्रेन में लगभग 550 बुजुर्ग यात्री शामिल हुए, जो रामेश्वरम के पवित्र तीर्थस्थल के दर्शन के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान राठौड़ ने यात्रियों से बातचीत की और उनकी यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
संभागीय आयुक्त ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 का उद्देश्य प्रदेश के बुजुर्ग नागरिकों को जीवन में एक बार मुफ्त और आरामदायक तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान करना है। राजस्थान सरकार इस वर्ष कुल 50,000 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को एसी ट्रेनों से यात्रा करवाने का लक्ष्य रखती है। इसके साथ ही 6,000 बुजुर्गों को हवाई मार्ग से भी तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। पहले यह संख्या मात्र 35,000 थी, जिसे बढ़ाकर अधिक से अधिक बुजुर्गों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अजमेर से रवाना हुई इस विशेष ट्रेन में 11 कोच तैयार किए गए हैं, जिनमें राजस्थान की संस्कृति की झलक विशेष रूप से देखने को मिलती है। कोचों को इस तरह सजाया गया है कि यात्री यात्रा के दौरान अपनी सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कर सकें। आरामदायक सीटिंग, स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है, ताकि वरिष्ठ नागरिक बिना किसी असुविधा के यात्रा कर सकें।
यात्रा में शामिल बुजुर्गों ने राज्य सरकार और योजना से जुड़े सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि इस प्रकार की योजनाएं न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करती हैं, बल्कि बुजुर्गों को सामाजिक सम्मान भी प्रदान करती हैं। यात्रियों को विदा करने आए उनके परिजनों ने भी सरकार की इस पहल की सराहना की और इसे बुजुर्गों के लिए एक अनमोल अवसर बताया।


