मनीषा शर्मा। भारत ने इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए पहली बार मिस टीन अर्थ 2025 की मेजबानी की। यह ऐतिहासिक आयोजन जयपुर के जी स्टूडियो में भव्य अंदाज में संपन्न हुआ, जिसमें दुनिया भर के 11 देशों से आई प्रतिभागियों ने अपनी सुंदरता, बुद्धिमत्ता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे परिधानों, दिलकश प्रस्तुतियों और पर्यावरणीय जागरूकता के संदेश से सजी इस शाम में क्यूबा की लीह रेयास ने बाजी मारते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया।
मिस टीन अर्थ 2025 का शानदार शुरुआत और विविध राउंड
ग्रैंड फिनाले की शुरुआत नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड से हुई, जो शाम का सबसे आकर्षक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध चरण था। इस राउंड में प्रतिभागियों ने अपने-अपने देश की पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से संस्कृति, विरासत और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अनूठे तरीके से पेश किया। इसके बाद ओपनिंग राउंड, क्वेश्चन-आंसर और कई अन्य प्रतिस्पर्धी चरण आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी वाकपटुता, आत्मविश्वास और सामाजिक दृष्टिकोण से जजों का दिल जीता।
लीह रेयास ने न केवल अपने व्यक्तित्व से बल्कि अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और आत्मविश्वास भरे उत्तरों से भी जूरी का ध्यान खींचा। यही कारण था कि सभी राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उन्होंने यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया।
विशेष उपाधियां और विजेताओं की सूची
प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में विशेष उपाधियां भी दी गईं, जिनमें—
मिस पॉपुलर – क्यूबा
बेस्ट इन स्विम शूट – भारत
बेस्ट ब्यूटीफुल स्किन – वियतनाम
टॉप मॉडल – मेक्सिको
बेस्ट इन इवनिंग गाउन – नेपाल
बेस्ट इन रैम्प वॉक – फिलीपींस
फाइनल राउंड में टॉप 6 में फिलीपींस, नेपाल, क्यूबा, मेक्सिको, स्पेन और कनाडा की प्रतिभागियों ने जगह बनाई। देर रात जारी हुए परिणामों में—
विजेता: क्यूबा की लीह रेयास
फर्स्ट रनर-अप: कनाडा की मिशा
सेकंड रनर-अप: फिलीपींस की मेरिडिथ बोबाडिला
थर्ड रनर-अप: स्पेन की सोफिया लोरेंटे
फोर्थ रनर-अप: मेक्सिको की जोहाना गोंजालेज
भव्य आयोजन और अतिथियों की मौजूदगी
यह कार्यक्रम अपने आप में ऐतिहासिक और भव्य था, जिसमें लगभग 500 अंतरराष्ट्रीय डेलीगेट्स शामिल हुए। विशेष अतिथियों में ग्लैमानंद ग्रुप के चेयरमैन निखिल आनंद, डायरेक्टर निशांत आनंद, मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा और भारत 24 के निदेशक डॉ. जगदीश चंद्रा शामिल रहे।
प्रतिभागियों में कंबोडिया की लिएकहेना, भारत की खुशी यादव, नेपाल की प्रिंसेस मल्ला, नीदरलैंड्स की ज़ैंथे विट, वियतनाम की लिंह, श्रीलंका की मविथी पुनसरानी जैसी सुंदरियां भी रहीं, जिन्होंने मंच पर अपने देश का गर्व बढ़ाया।
भारत की मेजबानी और वैश्विक पहचान
ग्लैमानंद ग्रुप के चेयरमैन निखिल आनंद ने इस अवसर पर कहा कि भारत में इस तरह की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करना देश के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और प्रतिष्ठा का प्रमाण है। मिस टीन अर्थ दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते किशोर ब्यूटी पेजेंट्स में से एक है, और यहां की विजेताएं आगे चलकर प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भाग लेकर दुनिया भर में अपनी पहचान बनाती हैं।
आने वाला बड़ा आयोजन
समापन के दौरान यह भी घोषणा की गई कि अगले सप्ताह जयपुर में ही देश की सबसे बड़ी सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा। इस घोषणा ने न केवल उपस्थित दर्शकों को उत्साहित किया, बल्कि भारत में ग्लैमर और फैशन जगत के बढ़ते महत्व को भी दर्शाया।


