शोभना शर्मा। स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर राजस्थान के स्कूलों में सेवानिवृत्त सैनिकों से ध्वजारोहण कराने की मांग उठी है। इस मांग को राज्य सरकार तक पहुँचाने के लिए राज्य के उद्योग एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को औपचारिक पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में हरियाणा सरकार की इसी तरह की पहल का उल्लेख करते हुए राजस्थान में भी ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
राठौड़ ने पत्र में लिखा कि यह पहल न केवल राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को बढ़ाएगी, बल्कि छात्रों को राष्ट्र सेवा से जुड़े असली नायकों से सीधे संवाद का अवसर भी देगी। इससे भावी पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी और सैनिकों के त्याग व बलिदान के प्रति नई जागरूकता पैदा होगी।
सेवानिवृत्त सैनिकों को विद्यालयों में सम्मान
कर्नल राठौड़ ने अपने पत्र में लिखा – “15 अगस्त जैसे गौरवशाली राष्ट्रीय पर्व पर राज्य के सभी विद्यालयों में सेवानिवृत्त सैनिकों से ध्वजारोहण कराया जाए। यह एक ऐसा अवसर होगा, जब देश की सेवा कर चुके वीर जवानों को स्कूल स्तर पर सम्मान देने का मौका मिलेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि इस पहल से बच्चों को सैनिकों के वास्तविक अनुभव सुनने को मिलेंगे, जिससे उनके अंदर राष्ट्रवाद, अनुशासन और देशभक्ति की भावना और अधिक गहराई से विकसित होगी।
हरियाणा मॉडल को बताया अनुकरणीय
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने हरियाणा सरकार के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि वहां पर स्कूलों में रिटायर्ड सैनिकों द्वारा झंडारोहण की पहल शुरू की गई है, जो अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने सुझाव दिया कि राजस्थान भी इस तरह की व्यवस्था अपनाकर सैनिकों के गौरवशाली इतिहास को विद्यालय स्तर पर सामने ला सकता है।
उन्होंने लिखा, “राजस्थान का इतिहास वीरता, त्याग और बलिदान की मिसालों से भरा पड़ा है। इस राज्य ने हजारों सैनिक देश को दिए हैं जिन्होंने सीमाओं पर अपने प्राणों की आहुति दी है। ऐसे में उनके सम्मान में इस प्रकार की पहल बेहद सार्थक होगी।”
ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख
अपने पत्र में राठौड़ ने हाल ही में भारत द्वारा सफलतापूर्वक पूरा किए गए ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने देशवासियों को गौरव से भर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेनाएं न केवल सीमाओं की रक्षा कर रही हैं, बल्कि विश्वभर में भारत की प्रतिष्ठा भी बढ़ा रही हैं।”
राठौड़ ने कहा कि ऐसी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्कूली बच्चों के साथ संवाद और प्रेरणादायक गतिविधियाँ अत्यंत आवश्यक हैं।
हर घर तिरंगा अभियान की भी घोषणा
इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी ने 15 अगस्त के अवसर पर एक बार फिर से हर घर तिरंगा अभियान चलाने की घोषणा की है। इस अभियान के प्रदेश संयोजक अशोक परनामी ने बताया कि यह अभियान 10 से 15 अगस्त तक पूरे राजस्थान में चलाया जाएगा।
10 से 14 अगस्त तक भाजपा कार्यकर्ता मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकालेंगे।
युवा मोर्चा की ओर से बाइक रैली का आयोजन भी किया जाएगा।
13 से 15 अगस्त तक हर घर, व्यापारिक प्रतिष्ठान और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
15 अगस्त की शाम को भाजपा कार्यकर्ता ध्वज को ससम्मान उतारेंगे।
इस अभियान का उद्देश्य पूरे देश में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और सशक्त करना है।


