मनीषा शर्मा, अजमेर । राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (मुख्य) 2023 के तहत चयनित अभ्यर्थियों के इंटरव्यू के सातवें चरण की तारीखों की घोषणा कर दी है। यह चरण 4 अगस्त से शुरू होकर 21 अगस्त 2025 तक चलेगा। इसके लिए इंटरव्यू लेटर आयोग द्वारा पहले ही ऑनलाइन जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को ऑफलाइन किसी भी प्रकार के साक्षात्कार पत्र नहीं भेजे जाएंगे।
आरपीएससी की उप सचिव चित्रा जैनानी ने बताया कि अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। इनमें ऑनलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन पत्र, अटेस्टेशन फॉर्म, सेवा प्राथमिकता क्रम की दो प्रतियां और संबंधित प्रमाण पत्रों की एक स्वहस्ताक्षरित प्रति (मूल दस्तावेजों सहित) शामिल हैं।
अब तक छह चरण पूरे, सातवां चरण अंतिम
उल्लेखनीय है कि आरएएस-2023 भर्ती प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू का पहला चरण 21 अप्रैल 2025 को शुरू हुआ था। इसके बाद से अब तक कुल छह चरण पूरे हो चुके हैं, जिसमें सैकड़ों अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए जा चुके हैं। अब सातवें और अंतिम चरण में शेष चयनित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया जाएगा।
भर्ती की शुरुआत और परीक्षा प्रक्रिया
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने आरएएस-2023 भर्ती के लिए 28 जून 2023 को विज्ञापन जारी किया था। शुरू में कुल 905 पदों (राज्य सेवा – 424 और अधीनस्थ सेवा – 481) के लिए आवेदन मांगे गए थे। बाद में पदों की संख्या बढ़ाकर 972 कर दी गई, जिसमें राज्य सेवा के 491 और अधीनस्थ सेवा के 481 पद सम्मिलित थे।
इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए कुल 6 लाख 96 हजार 969 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 1 अक्टूबर 2023 को किया गया, जिसमें 4 लाख 57 हजार 927 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इसके बाद आयोग ने 20 अक्टूबर 2023 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया, जिसमें कुल 19,355 अभ्यर्थी सफल हुए।
मुख्य परीक्षा और चयन प्रक्रिया
मुख्य परीक्षा 20 और 21 जुलाई 2024 को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम आयोग ने 2 जनवरी 2025 को जारी किया। इसमें 2,168 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अस्थायी रूप से चयनित किया गया। हालांकि इनमें से 2 अभ्यर्थियों के परिणाम शील्ड कवर में रखे गए, 20 अभ्यर्थियों के परिणाम रद्द किए गए और 3 के परिणाम प्रशासनिक कारणों से होल्ड किए गए।
आरएएस-2024 भर्ती प्रक्रिया की स्थिति
इसी बीच, आरएएस-2024 भर्ती भी अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। आयोग ने इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 733 पदों के लिए की थी। बाद में 17 फरवरी 2025 को पदों की संख्या बढ़ाकर 1,096 कर दी गई, जिसमें राज्य सेवा के 428 और अधीनस्थ सेवा के 668 पद शामिल हैं। आरएएस प्री-2024 परीक्षा 2 फरवरी को आयोजित की गई थी, जिसमें 3 लाख 75 हजार 657 अभ्यर्थियों में से 21 हजार 539 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए। इसके बाद मुख्य परीक्षा 17 और 18 जून 2025 को अजमेर और जयपुर में कुल 77 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा में पहले दिन सामान्य अध्ययन (पेपर-1) में 84.44% और सामान्य अध्ययन (पेपर-2) में 83.78% उपस्थिति रही। अब इस परीक्षा के परिणाम का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


