latest-newsअजमेरराजस्थान

RPSC असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा 2024: उत्तर कुंजी पर आपत्तियां कल तक

RPSC असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा 2024: उत्तर कुंजी पर आपत्तियां कल तक

शोभना शर्मा। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर (मेडिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट) परीक्षा 2024 की मॉडल उत्तर कुंजी (Answer Key) पर उम्मीदवार 26 मई 2025 की रात 12 बजे तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। आयोग ने 8 विषयों की उत्तर कुंजी जारी की है, जिन पर आपत्तियां केवल ऑनलाइन माध्यम से और निर्धारित शुल्क के साथ ही स्वीकार की जाएंगी।

ऑनलाइन दर्ज करनी होगी आपत्ति

आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि ये परीक्षाएं 12 मई से 15 मई 2025 के बीच आयोजित की गई थीं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://rpsc.rajasthan.gov.in पर जाकर संबंधित मॉडल प्रश्न पत्र के आधार पर आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति के लिए ₹100 का शुल्क (सेवा शुल्क अतिरिक्त) निर्धारित किया गया है।

आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रमाणिक स्रोतों जैसे स्टैंडर्ड टेक्स्टबुक, संदर्भ ग्रंथ आदि से प्रमाण देना अनिवार्य होगा। यदि प्रमाण संलग्न नहीं किया गया तो आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। केवल परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज आपत्तियां ही मान्य होंगी।

आपत्ति प्रक्रिया का तरीका

उम्मीदवार SSO पोर्टल पर लॉगिन करके “रिक्रूटमेंट पोर्टल” में जाकर “क्वेश्चन ऑब्जेक्शन” लिंक के माध्यम से प्रश्नों पर आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं। ई-मित्र कियोस्क या ऑनलाइन गेटवे से शुल्क का भुगतान कर आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं। यह ध्यान देना आवश्यक है कि शुल्क वापस नहीं किया जाएगा और आपत्तियां केवल एक बार ही स्वीकार की जाएंगी।

तकनीकी समस्या के लिए संपर्क विकल्प

ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल भेज सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर 9352323625 और 7340557555 पर संपर्क कर सकते हैं।

तीन भर्ती परीक्षाओं के लिए करेक्शन और फॉर्म विड्रॉल की सुविधा

RPSC ने तीन आगामी भर्ती परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन और आवेदन वापस लेने (Form Withdrawal) की सुविधा 27 मई 2025 तक दी है। ये परीक्षाएं 29 जुलाई से 1 अगस्त 2025 के बीच आयोजित की जाएंगी।

परीक्षाओं का विवरण:

  1. सहायक मत्स्य विकास अधिकारी परीक्षा-2024 (29 जुलाई 2025)

  2. समूह अनुदेशक/सर्वेयर/सहायक शिक्षुता सलाहकार ग्रेड-द्वितीय परीक्षा-2024 (29 जुलाई 2025)

  3. उपाचार्य/अधीक्षक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परीक्षा-2024 (30 जुलाई – 1 अगस्त 2025)

इन परीक्षाओं के लिए आयोग ने अभ्यर्थियों को SSO पोर्टल से ऑनलाइन संशोधन की सुविधा प्रदान की है। अभ्यर्थी का नाम, जन्मतिथि, फोटो, जेंडर और पिता का नाम छोड़कर अन्य सभी जानकारियों में संशोधन किया जा सकता है।

संशोधन और विड्रॉल की प्रक्रिया

संशोधन के लिए अभ्यर्थियों को ₹500 का शुल्क ऑनलाइन बैंकिंग या ई-मित्र के माध्यम से जमा कराना होगा। एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन करके “सिटिजन ऐप्स” में मौजूद “रिक्रूटमेंट पोर्टल” में जाकर इच्छित परीक्षा का चयन करके करेक्शन किया जा सकता है।

यदि कोई अभ्यर्थी आगे की प्रक्रिया में भाग नहीं लेना चाहता तो वह “माय रिक्रूटमेंट” सेक्शन में जाकर संबंधित परीक्षा के सामने मौजूद विड्रा बटन पर क्लिक करके आवेदन वापस ले सकता है।

post bottom ad

Discover more from MTTV INDIA

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading