शोभना शर्मा। राजस्थान की सियासत में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव और ब्राह्मण महासभा की प्रदेश अध्यक्ष अरूणा गौड़ ने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। अरूणा गौड़ के साथ-साथ प्रदेश की 200 से अधिक महिलाओं ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। यह शामिल होने का कार्यक्रम जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित किया गया, जहां भाजपा सांसद मंजू शर्मा और जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने सभी को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर अरूणा गौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहलगाम हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। जब पूरा देश इस हमले से दुखी था, तब विपक्ष उस समय भी कुटिल राजनीतिक कटाक्ष कर रहा था। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कठोर और साहसिक निर्णय लिए, वह वास्तव में देश की बहनों और बेटियों के सम्मान की रक्षा के लिए थे।
अरूणा गौड़ ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इस कार्रवाई ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया और यही वह क्षण था जिसने उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “हमारा सिंदूर उजाड़ने वालों को जवाब देने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी ने किया। आज हम सभी महिलाएं इस संकल्प के साथ भाजपा में शामिल हो रही हैं कि देश और समाज की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।”
सांसद मंजू शर्मा ने इस मौके पर कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व से प्रभावित होकर महिलाएं बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां महिलाओं को न सिर्फ सम्मान दिया जाता है, बल्कि नेतृत्व की भी भूमिका सौंपी जाती है। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि देश के इतिहास में पहली बार एक महिला अधिकारी ने सैन्य ऑपरेशन की जानकारी साझा की, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष अमित गोयल ने भी भाजपा में शामिल हो रही महिलाओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति को सदैव प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में महिलाएं पहले से अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर महसूस कर रही हैं, और यह उनके नेतृत्व की विशेषता है।