शोभना शर्मा। जयपुर से दिल्ली के पुराने बाईपास मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों को अब अधिक टोल टैक्स देना होगा। नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 18 जनवरी की रात 12 बजे से टोल दरों में वृद्धि लागू कर दी है। यह वृद्धि दौलतपुरा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल बूथों पर की गई है। एनएचएआई ने हाल ही में इस मार्ग पर रेनोवेशन कार्य पूरा किया है, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
नई दरों के अनुसार, एक कार चालक को जयपुर से गुरुग्राम तक की यात्रा के लिए 35 रुपए अतिरिक्त चुकाने होंगे। दौलतपुरा टोल बूथ पर अब 70 रुपए के बजाय 75 रुपए, मनोहरपुर टोल बूथ पर 80 रुपए के बजाय 90 रुपए, और शाहजहांपुर टोल बूथ पर 170 रुपए के बजाय 190 रुपए देने होंगे।
रेनोवेशन के बाद दरों में बढ़ोतरी
जयपुर से शाहजहांपुर तक लगभग 155 किलोमीटर लंबे इस हाईवे का रेनोवेशन पिछले साल पूरा किया गया था। इसके बाद दिसंबर 2023 में एनएचएआई ने टोल दरें बढ़ाने का नोटिफिकेशन जारी किया था, लेकिन इसे तुरंत लागू नहीं किया गया। अब एक महीने के बाद नई दरें लागू कर दी गई हैं।
कंसेशन पीरियड खत्म होने के बाद भी टोल वसूली
इस हाईवे का कंसेशन पीरियड अप्रैल 2021 में समाप्त हो चुका है। कंसेशन पीरियड वह समय होता है जिसमें निर्माण करने वाली फर्म निर्माण लागत और लाभांश टोल के जरिए वसूलती है। इसके बाद हाईवे सरकार को सौंप दिया जाता है। हालांकि, एनएचएआई ने हाईवे के रखरखाव और नए फ्लाइओवर निर्माण के नाम पर टोल वसूली जारी रखी है।
पुराने हाईवे पर बढ़ा ट्रैफिक लोड
जयपुर-दिल्ली हाईवे पर ट्रैफिक लोड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2023 में नए दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद पुराने हाईवे पर ट्रैफिक घटकर 80,000 पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) रह गया था। लेकिन पिछले साल अक्टूबर और नवंबर में यह लोड बढ़कर 96,000 पीसीयू तक पहुंच गया। वर्तमान में पुराने हाईवे पर ट्रैफिक लोड में 20% तक की वृद्धि देखी जा रही है।