शोभना शर्मा, अजमेर। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले का समापन शुक्रवार को पूर्णिमा महास्नान के साथ हो गया, लेकिन इस बार का मेला कई विवादों के चलते सुर्खियों में रहा। गुरुवार रात बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर के कॉन्सर्ट के दौरान भारी भीड़ के बीच धक्का-मुक्की, पुलिसकर्मियों के विवाद और ASP के गनमैन की पिस्टल चोरी जैसी घटनाएं सामने आईं।
कैलाश खेर के कॉन्सर्ट में विवाद
पुष्कर मेला मैदान में आयोजित कैलाश खेर का कॉन्सर्ट बड़ी संख्या में दर्शकों को आकर्षित करने में सफल रहा। देश-विदेश से आए सैलानियों ने इस कार्यक्रम का लुत्फ उठाया। भीड़ नियंत्रित करने के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी ने एक युवक को दो थप्पड़ मारे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कॉन्सर्ट के दौरान मेला मैदान में भीड़ इतनी बढ़ गई कि लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
ASP गनमैन की पिस्टल चोरी
गुरुवार रात करीब 8:30 बजे ASP विजय सांखला के गनमैन सुरेश देवंदा की पिस्टल और 10 कारतूस भीड़ के दौरान चोरी हो गए। गनमैन सुरेश देवंदा वीआईपी गेट से अंदर प्रवेश कर रहे थे। धक्का-मुक्की के बीच उनकी 9 एमएम पिस्टल और कारतूस चोरी हो गए। चोरी का पता उन्हें अंदर जाने के 15 मिनट बाद चला। पुष्कर थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी चोर का पता नहीं चल सका है।
वीआईपी पास और एंट्री विवाद
बॉलीवुड नाइट के लिए प्रशासन ने वीआईपी और वीवीआईपी पास जारी किए थे। पास होने के बावजूद उन्हें लंबे समय तक बाहर इंतजार करना पड़ा। पुलिस पर आरोप लगे कि उन्होंने परिचितों को बिना पास दीवार कूदवाकर प्रवेश दिलाया। वीआईपी गेट पर सुरक्षा कड़ी थी, लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि अव्यवस्था फैल गई।
सोनू निगम का पुष्कर दौरा
पुष्कर मेले के समापन के मौके पर बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम भी पहुंचे। सोनू निगम ने सप्त ऋषि घाट पर पूजा की और ब्रह्मा मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
श्रद्धालुओं का महास्नान:
पूर्णिमा के मौके पर हजारों श्रद्धालुओं ने सरोवर में स्नान कर दान-पुण्य किया।कैलाश खेर का राजस्थान पर बयान
कैलाश खेर ने अपने कॉन्सर्ट से पहले राजस्थान की प्रशंसा करते हुए कहा, “राजस्थान की धूल में परमात्मा का कण है। यहां की भूमि पर परमात्मा की खास दृष्टि है।”


