शोभना शर्मा। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने बुधवार शाम को अपने बाड़मेर और जैसलमेर दौरे के दौरान रामदेवरा पहुंचकर बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन किए। इस धार्मिक यात्रा के दौरान, पूनिया ने बाबा रामदेव के समाधि स्थल पर पूजा-अर्चना की और आरती में भाग लिया। उन्होंने बाबा रामदेव की समाधि पर प्रसाद चढ़ाया और देश की समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
सतीश पूनिया ने समाधि स्थल पर पहुंचने के बाद भक्तमति डालीबाई के समाधि स्थल का भी दौरा किया और वहाँ श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने बाबा के रिखियों द्वारा गाए जा रहे भजनों को सुना और संतों की संगत का आनंद लिया।
भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत
रामदेवरा पहुंचने पर, भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सतीश पूनिया का गर्मजोशी से स्वागत किया। पोकरण महंत प्रतापपुरी और भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से पूनिया का अभिवादन किया। पूनिया के स्वागत के लिए स्थानीय कार्यकर्ता भी भारी संख्या में मौजूद रहे।हरियाणा में भाजपा सरकार पर पूनिया की प्रतिक्रिया
अपने रामदेवरा दौरे के दौरान, सतीश पूनिया ने हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर खुशी जताई। उन्होंने हरियाणा की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि वहां की जनता ने कांग्रेस को नकारा है। पूनिया ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस की मिठाई और जलेबी वहीं धरी की धरी रह गई।पूनिया का दो दिवसीय दौरा
भाजपा नेता सतीश पूनिया अपने जन्मदिन के अवसर पर बाड़मेर और जैसलमेर जिले के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरे के दौरान वे विभिन्न धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। रामदेवरा की इस यात्रा को उनकी श्रद्धा और धार्मिक आस्था का प्रतीक माना जा रहा है।इस दौरान उनके साथ साकड़ा प्रधान भगवतसिंह, मनोहरसिंह, भँवरलाल विश्नोई, मदनसिंह राजमथाई सहित कई स्थानीय नेता और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूनिया का यह दौरा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और उत्साह का स्रोत साबित हो रहा है।