मनीषा शर्मा। राजस्थान के पारंपरिक स्वाद और संस्कृति को दिल्ली के दिल सेंट्रल विस्टा में लाने का एक नया प्रयास किया गया है। राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) ने सेंट्रल विस्टा स्थित इंडिया गेट के पास चिल्ड्रन पार्क के सामने शुक्रवार को राजस्थानी फूड शॉप का शुभारंभ किया। इस मौके पर ढोल-नगाड़ों और राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया।
इस विशेष अवसर पर निगम की प्रबंध निदेशक सुशमा अरोड़ा ने रिबन काटकर इस फूड शॉप का उद्घाटन किया। उद्घाटन के समय उन्होंने इस पहल को राजस्थान के स्वाद और संस्कृति को आम जनमानस तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस फूड शॉप के माध्यम से हम राजस्थान के असली जायके से लोगों को रूबरू करवाएंगे। यह फूड कोर्ट दिल्ली में राजस्थान की संस्कृति और आतिथ्य को प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच साबित होगा। कार्यक्रम में राजस्थान पर्यटन विकास निगम के कार्यकारी निदेशक राजेंद्र सिंह शेखावत ने भी भाग लिया और इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि RTDC निरंतर नवाचार करता रहा है, चाहे वह मिडवे कॉन्सेप्ट हो या दुनिया की सबसे लग्जरी ट्रेन “पैलेस ऑन व्हील्स” हो। शेखावत ने आश्वासन दिया कि ऐसे प्रयासों को और तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।
दिल्ली के स्थानीय निवासी और पर्यटक इस फूड शॉप में प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक विभिन्न राजस्थानी व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। यहां पर जोधपुर के मिर्ची बड़े, प्याज कचोरी, कोटा की हींग दाल कचोरी, जयपुरी समोसा, राजवाड़ा कोफ्ता, पुष्कर का ब्रेड पकोड़ा, मावा कचोरी, जयपुरी राजभोग, गुलाबजामुन, जोधपुरी दूध के लड्डू, जयपुरी घेवर, अलवरी मिल्क केक, मोतीचूर के लड्डू, माखनिया लस्सी, मसाला चाय सहित अन्य स्वादिष्ट व्यंजन उचित दरों पर मिलेंगे।
राजस्थान के इन पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद न केवल दिल्लीवासियों को बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों को भी विशेष अनुभव प्रदान करेगा। यह फूड कोर्ट सिर्फ खाने का स्थान नहीं है, बल्कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को भी लोगों के समक्ष प्रस्तुत करता है। उद्घाटन के अवसर पर राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोक नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। राजस्थान पर्यटन विभाग के इस पहल को लेकर स्थानीय लोग भी काफी उत्साहित नजर आए। यहां पर पहुंचे लोगों ने कहा कि दिल्ली में रहते हुए अब उन्हें राजस्थान के असली जायके का अनुभव मिल सकेगा।
उद्घाटन के अवसर पर निगम के दिल्ली कार्यालय के प्रभारी दौलत सिंह ने बताया कि इस फूड शॉप की क्वालिटी और सर्विस का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके साथ ही, RTDC के अन्य नवाचारों जैसे मिडवे कॉन्सेप्ट और पैलेस ऑन व्हील्स की तरह यह पहल भी सफल साबित होगी। सेंट्रल विस्टा में राजस्थानी फूड शॉप का यह नया प्रयास निश्चित रूप से राजस्थान के स्वाद और संस्कृति को दिल्ली के लोगों के करीब लाएगा और राजस्थान के विजन “राइजिंग राजस्थान” को साकार करने में मदद करेगा।


